Top Newsउत्तर प्रदेश

हाथरस में बेटी से छेड़छाड़ की शिकायत पर पिता को गोल‍ियों से भूना

मृतक की बेटी ने छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया है। इनमें से दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस मामले में सीएम योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

हाथरस। उत्तर प्रदेश का हाथरस जिला फिर चर्चा में है। जिले के सासनी क्षेत्र के गांव नौजरपुर में सोमवार शाम बेटी से छेड़छाड़ की शिकायत करने वाले पिता की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि आरोपित छेड़छाड़ का केस वापस लेने के लिए पीड़ित परिवार पर दबाव बना रहा था।

मृतक की बेटी ने छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया है। इनमें से दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस मामले में सीएम योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

उन्होंने वारदात में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (एनएसए) लगाने के भी निर्देश दिए हैं। वारदात का मुख्य आरोपित गौरव शर्मा समाजवादी पार्टी का नेता बताया जा रहा है।

हाथरस के सासनी क्षेत्र के गांव नौजरपुर में सोमवार शाम ताबड़तोड़ फायरिंग कर खेत में आलू की खोदाई कर रहे 52 वर्षीय किसान अमरीश शर्मा की हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि खेत में कुछ मजदूर आलू की बिनाई में लगे थे, तभी आरोपित गौरव शर्मा, रोहिताश शर्मा, निखिल शर्मा व ललितेश शर्मा अपने दो अन्य साथियों के साथ खेत पर हथियारों से लैस होकर पहुंचे।

यहां उन्होंने दो साल पहले अमरीश शर्मा के परिवार की एक लड़की की ओर से दर्ज कराए गए छेड़छाड़ के मुकदमे में समझौते के लिए धमकाते हुए फायरिंग कर दी। कई राउंड फायरिंग में अमरीश शर्मा गोली लगने से वहीं गिर पड़े। आरोपित कार से भाग गए। पुलिस की मदद से अमरीश को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। उन्हें कई गोली लगी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button