जौनपुर की बेटी वत्सला पांडे की अंतरराष्ट्रीय उड़ान: कैंब्रिज से करेगी एलएलएम

जौनपुर की बेटी वत्सला पांडे की अंतरराष्ट्रीय उड़ान: कैंब्रिज से करेगी एलएलएम

वत्सला अब विश्व प्रसिद्ध कैंब्रिज विश्वविद्यालय से एलएलएम (मास्टर ऑफ लॉ) और एमएसएल (कॉरपोरेट कानून में मास्टर) की डिग्री हासिल करेंगी। वत्सला को इस उल्लेखनीय सफर के लिए 23.5 लाख रुपये की स्कॉलरशिप मिली है, जो उनकी प्रतिभा और कड़ी मेहनत का प्रमाण है। कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय के एलएलएम और एमसीएल (कॉर्पोरेट कानून में मास्टर्स) कोर्स पूरे विश्व में प्रसिद्ध हैं। इसकी 190 सीटों के लिए भारत सहित विश्वभर के लाखों होनहार छात्र परीक्षा देते हैं।

डाॅ. रमाशंकर पाण्डेय की पौत्री वत्सला की प्रारंभिक शिक्षा वाराणसी के गुरु नानक इंग्लिश स्कूल से हुई, जहां उन्होंने 12वीं तक का सफर तय किया। आगे की पढ़ाई के लिए उन्होंने सिम्बायोसिस लॉ स्कूल, हैदराबाद से कानून की पढ़ाई की और फिर एडीआर सोसाइटी की स्थापना की, जिसका उद्देश्य कानूनी विवादों का वैकल्पिक समाधान निकालना है।

वत्सला ने दिल्ली उच्च न्यायालय और कई प्रमुख वाणिज्यिक अदालतों में अपनी कानूनी सेवाएं दीं, जहां उन्होंने दीवानी, दिवाला, वाणिज्यिक और प्रतिस्पर्धा कानून जैसे जटिल मामलों में विशेषज्ञता हासिल की। इसके बाद उन्हें सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश जस्टिस जितेंद्र कुमार माहेश्वरी के साथ काम करने का भी अवसर मिला, जो उनके करियर में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित हुआ।

छोटे गांव से बड़े सपने देखने वाली वत्सला का यह सफर न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे जौनपुर के लिए गर्व की बात है। उनका कैंब्रिज विश्वविद्यालय जाना यह साबित करता है कि अगर इरादे मजबूत हों और मेहनत सच्ची हो, तो सफलता की कोई सीमा नहीं होती।
उनके इस सफर पर परिवार और स्थानीय लोग गर्व कर रहे हैं। वत्सला की उपलब्धि को लेकर उनके परिवार ने कहा, “किसी लड़की का आगे बढ़ना समाज के लिए एक सकारात्मक संदेश है, जो दिखाता है कि शिक्षा और दृढ़ संकल्प के साथ कोई भी ऊंचाइयों को छू सकता है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *