मुंबई हमले के मास्टरमाइंड लखवी को 15 साल की कैद,  टेरर फंडिंग के मामले में अदालत ने कसा शिकंजा

नई दिल्ली। मुंबई हमले के मास्टरमाइंड और लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर जकी-उर-रहमान लखवी को  आतंकवाद के वित्त पोषण के मामले में शुक्रवार को पाकिस्तान की एक अदालत ने 15 साल जेल की सजा सुनाई। संयुक्त राष्ट्र द्वारा घोषित आतंकी लखवी (61) को पंजाब प्रांत के आतंकवादरोधी विभाग (सीटीडी) ने शनिवार को गिरफ्तार किया था। मुंबई हमला मामले में 2015 से वह जमानत पर था।

बता दें कि आतंकवादी लखवी ने हाफिज सईद के साथ मिलकर 26/11 के हमले की साजिश रची थी। मास्टरमाइंड लखवी को आतंकवादियों की मदद करने का दोषी पाया गया है। इससे पहले सीटीडी ने कहा था, कि लखवी एक दवाखाना चलाता था और वहां से कमाए गए धन को आतंकवाद के वित्त पोषण में इस्तेमाल करता था।

मुंबई हमले को याद करके आज भी दिल दहल उठता है। लश्कर-ए-तैयबा के दस आतंकवादियों ने 26 नवंबर 2008 को मुंबई को बम धमाकों और गोलीबारी से दहला दिया था। इस हमले में एक सौ साठ से ज्यादा लोगों की मौत हो गई थी। और तीन सौ से ज्यादा लोग घायल हो गए थे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *