Tag Archives: JOHN ABRAHIM

जॉन अब्राहम पर एक शख्स ने किया कांच की रोड से ‘अटैक’, एक्टर की गर्दन से बहने लगा खून

नई दिल्ली। बॉलीवुड अभिनेता जॉन अब्राहम इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म ‘अटैक’ को लेकर सुर्खियों में हैं। इस फिल्म की शूटिंग जोरों पर चल रही है। फिल्म ‘अटैक’ के शूटिंग सेट की तस्वीरें और वीडियो को जॉन अब्राहम अक्सर सोशल मीडिया पर भी साझा करते रहते हैं। अब इस बीच अभिनेता के फैंस के लिए बुरी खबर है।

फिल्म ‘अटैक’ के सेट पर जॉन अब्राहम घायल हो गए हैं। इस बात की जानकारी उन्होंने खुद सोशल मीडिया पर दी है। जॉन अब्राहम सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहने वाले कलाकारों में से एक हैं। वह अपने फैंस के लिए खास तस्वीरें और वीडियो भी साझा करते रहते हैं। जॉन अब्राहम ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर फिल्म ‘अटैक’ के सेट से जुड़ी एक वीडियो और तस्वीर साझा की है।

इस तस्वीर में साफ नजर आ रहा है कि एक शख्स जॉन अब्राहम के सिर पर कांच की रोड से हमला कर रहा है। कांच की रोड लगने से जॉन अब्राहम घायल हो गए हैं। इस बात की जानकारी वह वीडियो में देते नजर आ रहे हैं। वीडियो में जॉन अब्राहम अपनी गर्दन से खून साफ करते हुए दिखाई दे रहे हैं। हालांकि उन्हें ज्यादा गंभीर चोट नहीं आई है।