Tag Archives: Ram Nath Kovind

गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद करेंगे राष्ट्र को संबोधित, यहां देखें सीधा प्रसारण और समय;

नई दिल्ली। हमेशा की तरह इस बार भी गणतंत्र दिवस से ठीक एक दिन पहले यानी आज शाम 7 बजे राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद राष्ट्र को संबोधित करेंगे। इस बार देश 72वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। राष्ट्रपति का संबोधन दूरदर्शन के सभी चैनलों और ऑल इंडिया रोडिया पर हिंदी व अंग्रेजी दोनों भाषाओं में प्रसारण किया जायेगा। इतना ही नहीं दूरदर्शन के क्षेत्रीय चैनलों पर क्षेत्रीय भाषाओं में रात 9.30 बजे राष्ट्रपति का संबोधन टेलीकास्ट किया जायेगा। बता दें कि कोरोना महामारी के चलते इस बार गणतंत्र दिवस का आयोजन अलग तरह से किया जायेगा।

गौरतलब है कि 71वें गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्रपति ने संवैधानिक आदर्शों और महात्मा गांधी की शिक्षाओं के साथ देश की सेना की भी प्रशंसा की। उन्होंने गुड्स एंड सर्विसेज टैक्स (GST) के प्रति अपना समर्थन भी दिया और कहा, ‘सरकार की प्रत्येक नीति राष्ट्र-प्रथम के तहत आती हैं। GST के आने के साथ, एक देश, एक कर, एक बाजार’ के हमारे दृष्टिकोण को हमने महसूस किया है।’

सेना के लिए उन्होंने कहा, ‘देश की सेनाओं, अर्धसैनिक बलों और आंतरिक सुरक्षा बलों की मैं मुक्त-कंठ से प्रशंसा करता हूं। देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा को बनाए रखने में उनका बलिदान, अद्वितीय साहस और अनुशासन की अमर गाथाएं पेश करता है।’ उन्होंने किसानों, शिक्षकों व डॉक्टरों के योगदान का भी जिक्र किया।