Tag Archives: Sangam

माघ पूर्णिमा आज : प्रयागराज में श्रद्धालुओं पर हेलीकॉप्टर से की गई पुष्प वर्षा

प्रयागराज। प्रयागराज में आज माघ पूर्णिमा के मौके पर गंगा-यमुना और सरस्वती के पवित्र संगम में लाखों श्रद्धालुओं ने डुबकी लगाई। इस मौके पर श्रद्धालुओं पर हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा की गई।

बता दें कि मेला परिसर में साफ-सफाई और कोरोना प्रोटोकाल के पालन की विशेष व्यवस्था की गई है। सनातन परंपरा के सम्मान में सीएम योगी आदित्यनाथ के इस पहल की हर तरफ प्रशंसा हो रही है। इसके पहले मौनी अमावस्या के स्नान पर्व और 2019 के कुंभ में भी सरकार ने तीर्थराज प्रयाग में संगम स्नान के लिए आए श्रद्धालुओं के सम्मान में पुष्प वर्षा की थी।

साथ ही कांवड़ यात्रा के दौरान भी पश्चिमी यूपी और प्रयागराज में श्रद्धालुओं पर हेलीकाप्टर से पुष्प वर्षा की गई थी। अपनी आस्था, परंपरा, संस्कृति और श्रद्धा को इस तरह सम्मानित करने की अभिनव पहल योगी सरकार ने पहली बार कांवड़ यात्रा में शामिल शिवभक्तों पर की थी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट कर सभी श्रद्धालुओं और प्रदेशवासियों को माघ पूर्णिमा की शुभकामना दी। उन्होंने कहा है कि व्रत और दान की महत्ता को प्रकट करता यह पावन पर्व सभी के लिए मंगलकारी हो।

मौनी अमावस्या : संगम के घाटों पर उमड़ा आस्था का सैलाब, हेलिकाफ्टर से हुई पुष्पवर्षा

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में मौनी अमावस्या के स्नान पर्व पर आज संगम के घाटों पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। संगम तट पर श्रद्धालुओं ने ब्रह्म मुहुर्त से ही आस्था की डुबकी लगाई। वहीं, इस पर्व पर राज्य सरकार की तरफ से श्रद्धालुओं पर हेलीकॉप्टर से फूलों की बारिश की गई।

बता दें कि माघ मेले का आज तीसरा प्रमुख स्नान पर्व मौनी अमावस्या है। ऐसी मान्यता है आज के दिन संगम तट पर और गंगा नदी में देवता वास करते हैं। इस दिन गंगा स्नान करना ज्यादा फलदायी होता है।

गंगा मैया के जयकारे के साथ बुधवार की रात से शुरू हुआ मौनी का स्नान बृहस्पतिवार को दिन भर जारी रहा। सुबह मौसम साफ रहने से संगम तट पर श्रद्धालुओं की खासी भीड़ रही। बुधवार की रात से शुरू हुआ श्रद्धालुओं के आने का क्रम दोपहर तक जारी रहा। अमावस्या तिथि 10 फरवरी बुधवार रात 12.19 बजे लगी जो बृहस्पतिवार रात 11.48 बजे तक रहेगी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक वीडियो के साथ ट्वीट कर कहा है कि धर्मनगरी प्रयागराज में मौनी अमावस्या के पावन अवसर पर आज कल्पवासियों एवं श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा सनातन संस्कृति व आस्था को नमन है। यहां सभी श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के समुचित प्रबंध किए गए हैं। पवित्र संगम में आस्था की डुबकी सभी के लिए मंगलमय हो।

 

 

 

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने संगम में लगाई डुबकी, आनंद भवन में पुरखों को किया याद

प्रयागराज। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी बृहस्पतिवार को प्रयागराज पहुंचीं। यहां उन्होंने मौनी अमावस्या के मौके पर संगम में डुबकी लगाई। वह सबसे पहले आनंद भवन गईं। वहां करीब एक घंटे का वक्‍त गुजारने के बाद प्रियंका संगम तट पहुंची। आनंद भवन से वह नैनी ओवरब्रिज होते हुए अरैल घाट पहुंचीं।

वहां  नाव से बीचोबीच जाकर उन्‍होंने संगम में डुबकी लगाई। नाव से ही उन्‍होंने माघ मेला क्षेत्र में प्रवेश किया। प्रयागराज पहुंचने पर प्रियंका गांधी की आगवानी वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी ने की।

प्रमोद तिवारी ने एयरपोर्ट पर प्रियंका गांधी का स्वागत बुके भेंटकर किया। प्रयागराज पहुंचते ही प्रियंका का काफिला एयरपोर्ट से आनंद भवन के लिए रवाना हो गया। वह झलवा से राजरूपपुर होते हुए एजी ऑफिस चौराहा फिर धोबी घाट चौराहा और बालसन होते हुए आनंद भवन पहुंचीं। उनके स्वागत में एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश यादव की अगुवाई में सैकड़ों छात्र वहां पहले से मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से वहां काफी चाक चौबंद व्‍यवस्‍था रही।