Tag Archives: Taj Mahal

महाशिवरात्रि पर ‘तेजो महालय’ जाकर किया शिव स्त्रोत का पाठ, महिला सहित 3 हिंदू नेता गिरफ्तार

नई दिल्ली। महाशिवरात्रि के अवसर पर एक बार फिर से उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में स्थित ताजमहल चर्चा का विषय बन गया है। देश में कई ऐसे लोग और संस्थाएं हैं, जो मानते हैं कि ताजमहल एक प्राचीन हिन्दू शिव मंदिर के ऊपर बनाया गया है। इनमें अखिल भारतीय हिन्दू महासभा नामक संगठन भी शामिल है, जो इसे शिव मंदिर मानता है। वो कहते हैं कि ये तेजो महालय है। कुछ हिन्दू कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को इसके मुख्य गुंबद के पास पहुंच कर पूजा-पाठ किया।

इस दौरान ताजमहल की सुरक्षा का जिम्मा संभालने वाली CISF ने एक हिंदू महिला कार्यकर्ता को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही कई हिंदू कार्यकर्ता ताजगंज थाना पहुंचे और महिला नेता को रिहा करने की मांग की। हिरासत में ली गई मीना दिवाकर संगठन की प्रांत अध्यक्ष हैं। उन्होंने ताजमहल के भीतर जाकर मुख्य गुम्बद के सामने शिव स्तोत्र का पाठ शुरू कर दिया, जिससे वहां तैनात कर्मी उधर दौड़ पड़े।

CISF के जवानों ने मीना को पकड़ कर ताजगंज पुलिस को सूचित किया, जो उन्हें हिरासत में लेकर कर के अपने साथ थाने ले गई। मीना दिवाकर के लिए ऐसा करने का यह कोई पहला मौका नहीं है। वो पहले भी मुख्य गुम्बद पर जाकर आरती और शिव चालीसा पढ़ चुकी हैं। इस पूरे प्रकरण का वीडियो वायरल होने के बाद उनके खिलाफ मुकदमा भी दर्ज किया गया था। उन्होंने सावन माह में कांवड़ लेकर ताजमहल जाने का प्रयास भी किया था।

एक सप्ताह पहले ताजमहल में बम रखे जाने की अफवाह भी उड़ी थी, जो जांच के बाद फर्जी निकली। फिरोजाबाद से इस मामले में एक धमकी देने वाले व्यक्ति को हिरासत में लिया गया था। ताजमहल कुछ देर पर्यटकों के लिए बंद भी रहा था। 4 महीने पहले हिंदू जागरण मंच के युवाओं ने परिसर में भगवा झंडा लहराते हुए हनुमान चालीसा का पाठ किया था। इससे पहले 4-5 बार ऐसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं।

मीना दिवाकर ने डायना बेंच पर बैठ कर पूजा की। उनके साथ दो अन्य लोगों को भी हिरासत में लिया गया है। इसकी सूचना मिलने के बाद हिंदू महासभा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संजय जाट और जिला अध्यक्ष रौनक ठाकुर समेत अन्य कार्यकर्ता थाने पर डेरा जमाए हुए हैं। थाने का घेराव भी किया गया है। इस वक़्त ताजमहल में शाहजहां का ‘उर्स’ चल रहा है। ऐसे में वहां अन्य गतिविधियों की अनुमति नहीं है।