Tag Archives: UnnavCase

उन्नाव केस में यूपी पुलिस का बड़ा खुलासा- प्रेम संबंध से मना करने पर पानी में मिलाया जहर, आरोपी गिरफ्तार

उन्नाव। यूपी पुलिस ने उन्नाव केस में बड़ा खुलासा किया है। जांच में सामने आया है कि दोनों दलित लड़कियों की जहर देकर हत्या की गई थी। इस मामले में मुख्य आरोपी विनय समेत उसके नाबालिग दोस्त को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ में विनय ने कबूला है कि वो पानी में कीटनाशक मिलाकर अपने साथ ले गया था। यही पानी उसने लड़कियों को पिला दिया, जिसके बाद उनकी मौत हो गई।

मामले में आईजी रेंज लक्ष्मी सिंह ने बताया कि घटना के बाद मुखबिर की सूचना पर कुछ लोगों को उठाकर उनसे पूछताछ की जा रही थी। इसी दौरान दोनों बच्चियों के अंतिम संस्कार के बाद जब डॉग स्क्वाड को घटना स्थल पर ले जाया गया तो वह वहां से गांव की एक दुकान पर पहुंचा।

पूछताछ के दौरान दुकानदार ने बताया कि घटना से पहले लड़कियां उसकी दुकान से नमकीन खरीदने आईं थी। पुलिस को जांच के दौरान खेत से भी एक नमकीन का पैकट मिला था। एक के बाद एक मिले सुरागों के जरिए पुलिस विनय तक पहुंच गई।

वहीं, पूछताछ के दौरान आरोपी विनय ने बताया कि वह जिससे प्यार करता था, उससे बात करने के लिए फोन नंबर मांग रहा था। लड़की के कई बार मना करने पर यह बात उसे बर्दाश्त नहीं हुई। जिसके बाद गुस्से में उसने ऐसा कदम उठाया। गौरतलब है कि चचेरी बहन रोशनी की हालत नाजुक है। उसका इलाज कानपुर के रीजेंसी अस्पताल में चल रहा है। काजल के पिता ने घटना के 18 घंटे बाद बृहस्पतिवार को असोहा थाने में हत्या की शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर कुछ लोगों को हिरासत में लिया था। वहीं दोनों की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में पॉइजनिंग की पुष्टि हुई थी।

 

‘उन्नाव में बच्चियों की मौत मामले की हर पहलू से हो रही जांच, शरीर पर नहीं मिले चोट के कोई भी निशान’

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के डीजीपी हितेश चंद्र अवस्थी ने उन्नाव में दो किशोरियों की संदिग्ध हालात में हुई मौत के मामले में वरिष्ठ अधिकारियों को हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच करने के निर्देश दिए हैं। डीजीपी ने बताया कि स्थानीय पुलिस छह टीमों का गठन कर मामले की जांच कर रही है। एडीजी लखनऊ जोन और आइजी लखनऊ रेंज को मामले के पर्यवेक्षण की जिम्मेदारी दी गई है।

डीजीपी हितेश चंद्र अवस्थी ने बताया कि एक बच्ची का उपचार कानपुर के अस्पताल में चल रहा है। डॉक्टरों ने इसे सस्पेक्टेड केस आफ पॉइजनिंग बताया है। जिन दो किशोरियों की मृत्यु हुई है, उनके शवों का पोस्टमार्टम डॉक्टरों के पैनल से कराया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। उनके शरीर पर मृत्यु से पूर्व की कोई चोट तथा कोई बाहरी चोट नहीं पाई गई है। डॉक्टरों ने विसरा सुरक्षित किया है। फोरेंसिक विशेषज्ञों के जरिये विसरा का अन्वेषण कराया जा रहा है। घटना की जांच में भी फोरेंसिक विशेषज्ञों की मदद ली जा रही है। सभी संभावनाओं की जांच कराई जा रही है।

वहीं, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आइजी रेंज लखनऊ लक्ष्मी सिंह ने दावा किया है कि दोनों को एक तरह का जहरीला पदार्थ दिया गया था। जहर की आशंका पर विसरा को केमिकल एनालिसिस (रासायनिक विश्लेषण) के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजा गया है। दोनों के शरीर पर कहीं चोट के निशान नहीं मिले हैं। गंभीर हालत में मिली तीसरी किशोरी का इलाज कानपुर के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। उसकी हालत नाजुक बनी है। उसका इलाज मुख्यमंत्री कोष से कराने की घोषणा की गई है।  उधर, परिजनों की तहरीर पर अज्ञात लोगों के खिलाफ धारा 302 हत्या व 291 साक्ष्य छिपाने की रिपोर्ट दर्ज की है।

 

बता दें कि उन्नाव जिले के असोहा क्षेत्र के एक गांव में बुधवार रात खेत में दो किशोरियों के शव के साथ एक किशोरी अचेत अवस्था में मिली थी। बुधवार रात से गुरुवार तक परिजन के बयान बदलते रहे। परिजन कल तक हाथ-पैर बंधे होने की बात कह रहे थे, जो अब इंकार कर रहे हैं। इसके अलावा गांव के कई लोगों को हिरासत में लेकर घटना के संबंध में जानकारी ली गई। एक किशोरी के पिता को कुछ देर हिरासत में रखे जाने पर सपाइयों ने प्रदर्शन किया। इसके बाद उन्हें छोड़ दिया गया।