Tag Archives: UP CM

सीएम योगी का जन्मदिन आज, पीएम मोदी, अमित शाह समेत इन दिग्गजों ने दी बधाई  

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आज 49वां जन्मदिन है। सीएम योगी के जन्मदिन के मौके पर बधाई देने वालों का तांता भी लग गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत कई बड़े नेताओं ने सीएम योगी आदित्यनाथ को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी हैं। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने भी फोन पर बात की और जन्मदिन की बधाई दी।

यूपी के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और उप मुख्यमंत्री डॉ दिनेश शर्मा ने सीएम को ट्वीट कर बधाई दी है। इसके बाद मंत्रिमंडल के तमाम सदस्यों और अधिकारियों को सीएम आवास पर पहुंचकर बधाई देने का सिलसिला शुरू हो गया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मदिन पर रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने ट्वीट कर बधाई दी है। उन्होंने लिखा, प्रदेश के विकास और जन कल्याण के लिए वे समर्पित भाव से काम कर रहे हैं। उनके नेतृत्व में उत्तर प्रदेश उत्तरोत्तर प्रगति करे यही कामना है। ईश्वर उन्हें स्वस्थ रखें और दीर्घायु करें। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी सीएम योगी को जन्मदिन की बधाई दी है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि ‘ओजस्वी वक्ता व कर्मठ व्‍यक्तित्‍व के धनी एवं उत्तर प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी, आपको जन्मदिन की अनंत शुभकामनाएं। प्रभु श्रीराम जी से प्रार्थना है कि आप दीर्घायु हों और सदैव स्वस्थ एवं प्रसन्न रहें।’

बता दें कि नाथ संप्रदाय के अगुवा, गोरक्षपीठ के पीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ इसके पहले 5 बार गोरखपुर के सासंद भी रह चुके हैं। यूपी के मुख्यमंत्री, बीजेपी के हिदुत्व के एजेंडे के सबसे धारदार नेता और पोस्टर ब्वॉय योगी आदित्यनाथ का 5 जून 1972 को उत्तराखण्ड के पौड़ी गढ़वाल जिले के पंचूर गांव में हुआ था। योगी आदित्यनाथ का पूर्व नाम अजय सिंह बिष्ट है, लेकिन नाथ सम्प्रदाय से दीक्षा लेने के बाद उनका नाम योगी आदित्यनाथ हो गया।