Tag Archives: uttar pardesh

उत्तर प्रदेश में कक्षा आठ तक के सभी स्कूल चार अप्रैल तक बंद, पढ़िए पूरी खबर  

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस एक बार फिर तेजी से पैर पसार रहा है। कोरोना वायरस के संक्रमण को देखते हुए उत्‍तर प्रदेश में फिर सतर्कता बढ़ा दी गई है। कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ते देख शासन ने निर्णय लिया है कि कक्षा आठ तक के सभी स्कूल चार अप्रैल तक बंद रहेंगे।

बता दें कि होली के त्योहार को देखते हुए सभी स्कूल 31 मार्च तक के लिए बंद किए गए थे। मुख्य सचिव आरके तिवारी ने बताया कि अब कोरोना के मामले बढ़ते देख शासन ने कक्षा आठ तक के सभी स्कूल रविवार तक बंद रखने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि किसी कार्यक्रम के आयोजन पर रोक नहीं है, लेकिन जुलूस, कार्यक्रम और सार्वजनिक समारोह के लिए अब प्रशासन की अनुमति जरूर लेनी होगी।

प्रदेश में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। मार्च में हर दिन नए मामलों की संख्या बढ़ने का सिलसिला जारी है। प्रदेश में कोरोना से संक्रमित 1368 नए रोगी मिले हैं। पांच मरीजों की मौत हो गई है, जबकि 299 मरीज डिस्चार्ज किए गए हैं। बीते 24 घंटे के दौरान लगातार चौथे दिन लखनऊ में 400 से अधिक मरीज मिले हैं। मंगलवार को 446 नए संक्रमित मामले और चार मरीजों की मौत हुई है।

बताते चलें कि लखनऊ में कोरोना के सक्रिय मरीजों की संख्या फिर तीन हजार के करीब पहुंच गई है। सचिवालय में खाद्य एवं रसद विभाग के बाद अब वित्त विभाग में भी कोरोना का संक्रमण फैल गया है। विशेष सचिव ओपी द्विवेदी और कुछ कर्मचारियों के भी कोरोना संक्रमित होने सूचना मिली है। पहले खाद्य एवं रसद विभाग में 14 कर्मचारी संक्रमित पाए जा चुके हैं। इन दिनों लगभग सभी दफ्तरों, प्रतिष्ठानों में रोजाना कोविड-19 पॉजिटिव मरीज की संख्या बढ़ रही है। कभी सचिवालय, कभी बैंक, कभी स्कूल, कभी होटल तो कभी पुलिस, रेलकर्मी या नगर निगम कर्मी पॉजिटिव हो रहे हैं।

नाजायज संबंध के शक में अपनी ही पत्नी की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या की, बेटे ने दर्ज कराया बाप के खिलाफ केस

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में एक युवक ने अवैध संबंध के शक में आकर अपनी ही पत्नी को कुल्हाड़ी से काटकर मौत के घाट उतार दिया। मैलानी थाना क्षेत्र के देवी पुर गांव में एक युवक ने बीती रात बंद कमरे में अपनी पत्नी की कुल्लाड़ी और डंडे से गर्दन पर वार कर निर्मम हत्या कर दी।

दरअसल, आरोपी युवक को अपनी पत्नी पर शक था कि उसका किसी पराये व्यक्ति के साथ यौन संबंध हैं। जिसके चलते वह पत्नी की अक्सर पीटता रहता था। परिजनों से मिली जानकारी के मुताबिक आरोपी शराब का आदी था और बीते 12 मार्च को वह शराब के नशे में घर के पास लगे पेड़ से लटककर फांसी लगाने का भी प्रयास कर रहा था। परिजनों ने इस बाबत पुलिस को तहरीर भी दी थी।

वहीं हत्या की जानकारी मिलते ही परिजनों ने पुलिस को सूचना दी और मौके से पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। वहीं शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। मृतका के बेटे यानी आरोपी के बेटे ने पुलिस में हत्या का केस दर्ज कराया, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू की। जिस दौरान आरोपी ने बताया कि मेरी पत्नी का अन्य लोगों के साथ नाजायज संबंध ते और वह मेरी हत्या करवाना चाहती थी, इस लिए मैने उसकी हत्या की।

मुजफ्फरनगर :  खाप पंचायत ने लड़कियों के ‘जींस’ पहनने पर लगाई पाबंदी, पढ़िए क्या है पूरी खबर ?  

यूपी के मुजफ्फरनगर जिले की एक खाप पंचायत ने महिलाओं के ‘जींस’ पहनने और पुरुषों के ‘शॉर्ट्स’ पहनने पर पाबंदी लगा दी है। खाप ने कहा कि ये परिधान पश्चिमी संस्कृति का हिस्सा हैं और महिलाओं को साड़ी, घाघरा तथा सलवार-कमीज जैसे पांरपरिक भारतीय वस्त्र पहनना चाहिए। पंचायत ने यह चेतावनी भी दी है कि इस फतवे का उल्लंघन करने वालों को दंडित किया जाएगा।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मुजफ्फरनगर में चरथावल के गांव पीपलशाह में भार‍तीय किसान संगठन की एक मीटिंग बुलाई गई थी। मीटिंग में क्षत्रिय समाज के लोग जुटे हुए थे। जो पंचायत चुनाव की जारी लिस्‍ट और आपत्तियों को लेकर चर्चा करने के लिए इकठ्ठा हुए थे। इस दौरान क्षत्रिय समाज ने आरक्षण समेत तमाम बातों पर चर्चा की। मीटिंग में वक्‍ताओं ने संस्‍कृति के परिधानों को अपनाने पर अपने विचार रखे। वक्‍ताओं ने कहा कि संस्‍कृति के अनुसार ही लड़के और लड़कियों को वस्‍त्र पहनना चाहिए।

ऐसे में मीटिंग में वक्ताओं की बात सुनने के बाद भारतीय किसान संगठन के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष पूरण सिंह ने फरमान जारी कर दिया अगर कोई भी लड़का यदि हाफ पैंट व लड़कियां अगर जींस पहनकर बाहर निकलती हैं तो उन्‍हें समाजिक दंड देते हुए समाज से बहिष्‍कार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हमारा पहनावा ही हमारी संस्‍कृति की परिचायक है।  इसी से हमारी पहचान बनती है। भारतीय संस्‍कृति के अनुरूप ही वस्‍त्र धारण करना चाहिए।

 

पहले मेरे साथ किया छेड़छाड़, अब पापा को मार दी गोली, हाथरस की बेटी कर रही इंसाफ की मांग

उत्तर प्रदेश। हाथरस जिला एक बार फिर सुर्खियों में है। जिले के सासनीगेट क्षेत्र में बेटी से छेड़छाड़ की शिकायत करने पर आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर खेत में काम कर रहे उसके पिता की गोली मारकर हत्या कर दी और फरार हो गए।

पुलिस ने इस मामले में 6 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, सीएम योगी आदित्यनाथ ने इस मर्डर के आरोपियों पर राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम के तहत कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

इसी बीच, मृतक किसान की बेटी का एक वीडियो सामने आया है जिसमें वह इंसाफ की मांग करती दिख रही है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि बेटी कैसे रो-रो कर इंसाफ की गुहार लगा रही है। उसने बताया कि आरोपी ने पहले मेरे साथ छेड़खानी की जिसपर पापा ने केस कर दिया। इस बात से चिढ़ कर उसने मेरे पापा को गोली मारी दी।

बेटी ने बताया कि आरोपी इकौना (बहराइच) का रहने वाला है और अभी वह गांव में घूमने आया है। पीड़िता ने बताया कि 6-7 लोग ने उसके पापा पर गोलियां भरसाई। हत्यारों ने पापा के सिर पर गोली मारी। रिपोर्ट्स के पूछे जाने पर पीड़ित बेटी ने चीखते हुए मुख्य आरोपी गौरव शर्मा का नाम बताया।

आपको बता दें कि शाम करीब 4 बजे अमरीश अपने खेत में आलू की खुदाई करवा रहा था। उसी दौरान हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड फायरिंग कर दी। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाते समय अमरीश ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।

पुलिस उपाधीक्षक रूचि गुप्ता ने बताया कि घटना के बाद अमरीश की पुत्री ने बताया कि उसके साथ की छेड़छाड़ की गई थी और उसकी शिकायत पिता ने थाने में कर दी थी। उन्होंने बताया कि इस मर्डर केस में बेटी की तहरीर पर पुलिस ने चार नामजद समेत छह आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

बस्ती के कैली मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य पर डॉक्टरों ने लगाया गंभीर आरोप, 26 डॉक्टरों ने एक साथ दिया इस्तीफा

नई दिल्ली। बस्ती के कैली मेडिकल कॉलेज में प्राचार्य की तानाशाही का मामला सामने आया है। प्राचार्य की तानाशाही रवैये से परेशान 26 डॉक्टरों ने एक साथ सामूहिक इस्तीफा दिया है। डॉक्टरों ने प्राचार्य पर गंभीर आरोप लगाते हुए 3 महीने का वेतन रोकने का आरोप लगाया है। डॉक्टरों का कहना है कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश की अवहेलना करते हुए 3 महीने का वेतन रोका गया है।

बता दें कि प्राचार्य ने जूनियर डॉक्टरों को मेस में खाने का तानाशाही फरमान जारी किया था साथ ही मेस में नहीं खाने पर वेतन में कटौती किए जाने का भी फरमान जारी किया था। वहीं 72 घंटे पहले कैली मेडिकल के एक डॉक्टर ने आत्महत्या भी कर ली है। डॉक्टरों ने प्राचार्य पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि प्राचार्य हम सभी डॉक्टरों को हमारे आवास से हटाकर नर्सिंग हॉस्टल में शिफ्ट करने का दबाव बना रहे हैं। इस मामले को लेकर सभी डॉक्टर कार्रवाई के लिए प्रार्थना पत्र लेकर जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे।

बहराइच : डीएम ने संचारी रोग नियंत्रण अभियान के जागरुकता वाहन को दिखाई हरी झंडी

बहराइच। उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत जागरुकता वाहन को जिलाधिकारी शंभू कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।  इस मौके पर उन्होंने कहा कि आशा बहू और आंगनबाड़ी गांव-गांव, घर-घर जाकर दस्तक अभियान चलाएंगी। यह अभियान 1 मार्च से 31 मार्च तक चलेगा।

इस मौके पर जिलाधिकारी शंभू कुमार ने कहा कि विशेष संचारी नियंत्रण अभियान जागरुकता वाहन को आज हरी झंडी दिखाई गई है। यह अभियान 1 मार्च से 31 मार्च तक चलेगा। हमारा उद्देश्य है कि जितने भी प्रकार के संचारी रोग हैं विशेष कर इंसेफेलाइटिस इस पर पूरी तरह से नियंत्रण हो सके।

उन्होंने बताया कि इसमें आशा बहू, आंगनबाड़ी की महिलायें हर गांव में हर घर तक पहुंचकर लोगों को संचारी रोग के प्रति जागरुक करेंगी।

रिपोर्ट- रफ़ीक उल्ला खान

श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए एकत्रित हुआ अनुमान से ज्यादा चंदा, जानें कितने करोड़ रूपये का मिला दान?

नई दिल्ली। अयोध्या में बन रहे राम मंदिर के लिए शनिवार शाम तक 2,100 करोड़ रुपए चंदा जुटाया जा चुका है। फिलहाल 1,500 करोड़ रुपए खर्च होने का अनुमान है। यानी अनुमान से लगभग डेढ़ गुना है।

दरअसल, पहले 1,100 करोड़ रुपए खर्च होने का अनुमान था, लेकिन नींव का प्लान बदलने की वजह से लागत बढ़ गई। VHP ने 15 जनवरी से निधि समर्पण अभियान शुरू किया था। 44 दिन में टारगेट पूरा होना था। जिन राज्यों में अभियान देर से शुरू हुआ था वहां चंदा जुटाया जा रहा है। वहीं श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंद देव गिरि का कहना है कि भविष्य में नई योजनाओं के हिसाब से लागत बढ़ सकती है। अगर ऐसा हुआ तो चंदा अभियान फिर चलाया जा सकता है।

सहारनपुर : राकेश टिकैत का बड़ा बयान, कहा-बिल वापसी नहीं तो घर वापसी नहीं

सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के नागल क्षेत्र के ग्राम लाखनोर में आयोजित किसान महापंचायत को भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने संबोधित किया।

दोपहर लगभग 2 बजे के आसपास महासभा स्थल पर पहुंचे जब राकेश टिकैत पहुंचे तो पूरा महासभा स्थल जय जवान जय किसान के नारों से गुंज उठा। किसानों ने फूल मालाओं से राकेश टिकैत का जोरदार स्वागत किया।

इस दौरान अपने लंबोधन में राकेश टिकैत ने कहा कि कृषि बिल की वापसी नहीं तो किसान की घर वापसी भी नहीं होगी। हम सरकार को चैन की नींद नहीं सोने देंगे और एमएसपी पर सरकार को कानून बनाना पड़ेगा, जिससे पहाड़ के किसान और आसाम के किसानों को लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन अभी लंबा चलेगा। कल उत्तराखंड में रैली है तो परसों राजस्थान में है।

महासभा के दौरान सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस प्रशासन द्वारा कड़े इंतजाम किए गए थे। कई थानों की फोर्स समेत पीएसी बल, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी महासभा स्थल पर मौजूद रहे।

रिपोर्ट- शहज़ाद अंजुम