देशभर में अब तक करीब 18 करोड़ लोगों को लगाया गया कोरोना का टीका, यहां पढ़िए पूरी खबर  

नई दिल्ली। देश में अब तक कोविड-19 टीके की करीब 18 करोड़ (आज सुबह सात बजे तक मिली अस्थायी रिपोर्ट के मुताबिक 17.93 करोड़) खुराक दी जा चुकी हैं। कोविड-19 टीकाकरण अभियान ने सफलतापूर्वक 118 दिन पूरे कर लिए हैं, जिसमें सभी राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों के सहयोग के माध्यम से चिह्नित लाभार्थियों को 17.89 करोड़ खुराक दी गई है। भारत दुनियाभर में 114  दिनों में 17 करोड़ खुराक के लक्ष्य तक सबसे तेजी से पहुंचने वाला देश है। अमेरिका ने 115 दिन और चीन ने 119 दिन में इतनी खुराक दी थी।

1 मई 2021 से ‘उदारीकृत मूल्य निर्धारण और त्वरित राष्ट्रीय कोविड-19 टीकाकरण रणनीति’ लागू की जा रही है, जिसमें उपलब्ध खुराक की 50  प्रतिदिन संख्या भारत सरकार के माध्यम से निशुल्क आपूर्ति के रूप में राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों के लिए निर्धारित की गई है, जबकि 50 प्रतिशत खुराक राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों और निजी अस्पतालों द्वारा टीका निर्माताओं से सीधे खरीद के लिए उपलब्ध हैं।

किसी राज्य/केंद्रशासित प्रदेश को भारत सरकार का आवंटन आने वाले पखवाड़े में दूसरी खुराक के लिए खपत के तरीके और लाभार्थियों के भारके हिसाब से तय किया जाता है। 16-31 मई 2021 के पखवाड़े के लिए राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को कोविशील्ड और कोवैक्सीन की 191.99 लाख खुराक की निशुल्क आपूर्ति की जाएगी। इनमें कोविशील्ड की 162.5 लाख और कोवैक्सीन की 29.49 लाख खुराक शामिल हैं।

इस आवंटन का वितरण कार्यक्रम पहले से साझा किया जाएगा। राज्यों से अनुरोध किया गया है कि वे संबंधित अधिकारियों को निर्देश दें कि वे आवंटित खुराक का तर्कसंगत और विवेकपूर्ण उपयोग सुनिश्चित करें और टीका अपव्यय को कम करें।

भारत सरकार द्वारा 15 दिनों के लिए उपलब्ध करायी जाने वाली निशुल्क खुराक की संख्या के बारे में राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों को अग्रिम रूप से सूचित करने के पीछे मूल उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि वे 45 वर्ष और उससे अधिक आयु वर्ग के लिए, और एचसीडब्ल्यू (स्वास्थ्य सेवा कर्मी) और एफएलडब्ल्यू (अग्रिम पंक्ति के कर्मी) के लिए दिए जाने वाली इन निशुल्क खुराक के विवेकपूर्ण और अधिकतम उपयोग के लिए प्रभावी योजना तैयार करें। पिछले पखवाड़े यानी 1-15 मई, 2021 में केंद्र सरकार द्वारा राज्यों को 1.7 करोड़ से अधिक निशुल्क खुराक उपलब्ध करायी गई है।

इसके अलावा, राज्यों और साथ ही निजी अस्पतालों के लिए मई 2021 महीने में सीधी खरीद की खातिर 4.39 करोड़ से अधिक खुराक भी उपलब्ध कराई गई है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *