सुशांत सिंह राजपूत मामले के सात महीने बाद रिया चक्रवर्ती ने सोशल मीडिया पर की वापसी, वायरल हो रही है ये पोस्ट

नई दिल्ली। पूरी दुनिया में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस मनाया जा रहा है। बॉलीवुड सितारे भी अपने फैंस और करीबियों के लिए पोस्ट साझा कर उन्हें इस खास दिन की बधाई दे रहे हैं। इस बीच बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर सोशल मीडिया पर खास पोस्ट साझा किया है, जिसकी काफी चर्चा हो रही है।

रिया चक्रवर्ती पिछले साल दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले को लेकर काफी सुर्खियों में रही थीं। उन्हें इस दौरान काफी मुश्किलों का भी सामना करना पड़ा था। इतना ही नहीं सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले में नाम जुड़ने के बाद रिया चक्रवर्ती सोशल मीडिया से भी गायब हो गई थीं। अब सात महीने बाद अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर रिया चक्रवर्ती ने सोशल मीडिया पर वापसी की है।

उन्होंने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक तस्वीर साझा की है। इस तस्वीर में वह अपनी मां का हाथ पकड़ी हुई हैं। रिया चक्रवर्ती ने इस तस्वीर को साझा कर अपनी मां को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की बधाई दी है। उन्होंने तस्वीर के पोस्ट में लिखा, ‘हमें महिला दिवस की बधाई… मां और मैं… एक साथ हमेशा के लिए… मेरी ताकत, मेरा विश्वास, मेरा धैर्य- मेरी मां’।

सोशल मीडिया पर रिया चक्रवर्ती की यह तस्वीर और पोस्ट वायरल हो रही है। अभिनेत्री के कई फैंस और सोशल मीडिया यूजर्स उनकी पोस्ट को खूब पसंद कर रहे हैं। साथ की कमेंट कर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। गौरतलब है कि काफी समय बात रिया चक्रवर्ती ने इंस्टाग्राम पर वापसी की है। इससे पहले उन्होंने आखिरी पोस्ट पिछले साल 27 अगस्त को किया था।

उन्होंने एक वीडियो साझा किया था। इस वीडियो में रिया चक्रवर्ती ने बताया था कि सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले में नाम आने पर किस तरह उनके घर के बाहर लोग उनके पिता को घेरे हुए हैं। रिया चक्रवर्ती ने बताया था कि वह इस वजह से अपने घर से बाहर नहीं निकल पा रही हैं। उस वक्त रिया और उनके परिवार से सुशांत सिंह राजपूत को लेकर पूछताछ चल रही थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *