कन्नौज : दहेज लोभियों ने ले ली गर्भवती विवाहिता की जान

कन्नौज। सदर कोतवाली क्षेत्र के मलिकापुर गांव में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे मायके पक्ष के लोगों ने दहेज हत्या का आरोप लगाया है। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने विधिक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बताया जा रहा है कि मृतका 4 महीने की गर्भवती थी।

जानकारी के अनुसार कानपुर जिले के पनकी थाना क्षेत्र के रतनपुर गांव निवासी कमल किशोर शुक्ला की बेटी रमा (21) की शादी कन्नौज सदर कोतवाली क्षेत्र के मलिकापुर गांव निवासी शिवम तिवारी के साथ नौ जुलाई 2019 को हुई थी। बीते बृहस्पतिवार की शाम विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।

शुक्रवार को सूचना पर पहुंचे मायके पक्ष के लोगों ने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही सदर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के पिता कमल किशोर ने आरोप लगाया है कि आरोपी दहेज में बाइक, पांच लाख रूपये, सोने की चेन की मांग कर रहे थे। मांग पूरी नहीं होने पर बेटी को प्रताड़ित कर रहे थे।

पीड़ित पिता ने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए पति शिवम तिवारी, ससुर कमलेश तिवारी, सास रेखा तिवारी, जेठ कृष्ण कुमार, जेठानी राखी तिवारी, ननद निधि तिवारी व चाचा सपढ़ू पर दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है।

रिपोर्ट- सी.पी सिंह

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *