हाथरस केसः सदन में सीएम योगी ने सपा को घेरा, कहा- हाथरस में टोपी वाला कौन था?

नई दिल्ली। हाथरस के सासनी थाना क्षेत्र के नौजरपुर गांव में एक किसान की गोली मारकर हत्या कर दी गई। आरोपी का नाम गौरव शर्मा है जिसे 2018 में छेड़खानी के आरोप में जेल हुई थी और वह जमानत पर बाहर घूम रहा था। आरोपी और छेड़खानी की पीड़िता के किसान पिता के बीच सोमवार को बहस हुई जिसके बाद आरोपी ने शख्स को गोली मार दी।

अस्पताल ले जाते वक्त उनकी मौत हो गई। 16 जुलाई 2018 को आरोपी गौरव के खिलाफ घर में घुसकर छेड़खानी करने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आरोपी 15 दिन जेल में रहा था, तब से वह रंजिश मानता चला आ रहा है। गौरव मामले में फैसला करने का दबाव बना रहा था। पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

अखिलेश यादव की सभा में शामिल होने का किया था आव्हान

कहा जा रहा है कि गौरव समाजवादी पार्टी का नेता है। गौरव का फेसबुक प्रोफाइल ‘गौरव सोनगरा’ के नाम से है। पिछली 27 फरवरी को उसने अपने फेसबुक पर पेज पर लोगों से कहा है कि लोग सपा मुखिया अखिलेश यादव की तीन मार्च को अलीगढ़ के टप्पल में होने वाली किसान सभा में शामिल हों।

आईटी में इंजिनियरिंग, एक बेटी का पिता

गौरव ने एसआरएम इंस्टिट्यूट ऑफ साइंस ऐंड टेक्नॉलजी से आईटी में बीटेक किया है। उसकी शादी 2019 में शीतल नाम की युवती से हुई थी। दोनों को एक बेटी है। गौरव को लोग रुद्राक्ष पंडित के नाम से भी जानते हैं। गौरव का दावा था कि वह समाजवादी पार्टी में उत्तर प्रदेश विशेष आमंत्रित कार्यकारणी सदस्य (छात्र सभा) है।

सदन में योगी ने सपा को घेरा

सीएम योगी ने हाथरस में हुई घटना को लेकर एक बार फिर टोपी के सहारे समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा है। मुख्यमंत्री ने विधानसभा में बजट पर चर्चा का जवाब देते हुए हाथरस की घटना का जिक्र किया। उन्होंने कहा ‘कल हाथरस में भी साबित हुआ है। दिनभर सोशल मीडिया पर यह चला कि टोपी वाला कौन था? हाथरस की घटना ने इस टोपी को फिर से कठघरे में खड़ा किया है।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *