Tag Archives: INDIANARMY

वज्रप्रहार  2021 : भारत और अमेरिका के विशेष बलों ने हिमाचल में किया संयुक्त सैन्य अभ्यास

नई दिल्ली।  भारत और अमेरिका के विशेष बलों ने बीते दिनों हिमाचल प्रदेश के बकलोह में संयुक्त सैन्य अभ्यास किया ताकि दोनों पक्षों के बीच के समन्वय को और बढ़ाया जा सके। मंगलवार को रक्षा मंत्रालय ने यह जानकारी दी।

बता दें कि दोनों देशों के स्पेशल फोर्सेज़ द्वारा यह संयुक्त अभ्यास भारत और संयुक्त राज्य अमेरिका के बीच बारी-बारी से संयुक्त मिशन योजना और सामरिक रणनीति जैसे क्षेत्रों में सर्वश्रेष्ठ परिपाटियों तथा अनुभवों को साझा करने के साथ-साथ दोनों राष्ट्रों के स्पेशल फोर्सेज़ के बीच अंतरसंचालनीयता में सुधार करने के लिए किया जाता है।

द्विपक्षीय सैन्य अभ्यास और रक्षा संबंधी आदान-प्रदान मित्र देशों के बीच द्विपक्षीय रक्षा सहयोग को मजबूत करने का एक महत्वपूर्ण आयाम हैं। ऐसे आयोजनों के दौरान प्रतिभागी राष्ट्रों के सैन्य बल आपसी प्रशिक्षण और संयुक्तता के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय आतंकवाद के खतरों का मुकाबला करने के साझा उद्देश्य के साथ विभिन्न प्रकार के खतरों को निष्प्रभावी बनाने के लिए साथ मिलकर अनेक अभियानों का प्रशिक्षण पाते हैं।  योजना बनाते हैं तथा ऐसी सैन्य कार्रवाइयों को अंजाम देते हैं।

 

LAC पर विवादित जगहों से तैनाती हटाने को लेकर कल बातचीत करेगी भारत और चीन की सेना

नई दिल्ली। LAC की विभिन्न विवादित जगहों से तैनाती हटाने को लेकर भारत और चीन के सैन्य प्रतिनिधि शनिवार यानी कल 10वें दौर की वार्ता करेंगे। इस दौरान कमांडर्स हॉट स्प्रिंग्स, गोगरा और 900 वर्ग किमी वाले डेपसांग मैदान जैसे टकराव वाली जगहों को लेकर बात करेंगे।

यह बातचीत सुबह 10 बजे चीनी पक्ष के मोल्डो में शुरू होगी। डेपसांग को पिछले साल मई में शुरू हुए गतिरोध का हिस्सा नहीं माना जा रहा था। लेकिन भारत ने सैन्य कमांडर की हालिया बैठकों में जोर दिया है कि वास्तविक नियंत्रण रेखा को लेकर सभी मुद्दों को हल किया जाना चाहिए।

 

सेना प्रमुख नरवणे ने पाकिस्तान को दी चेतावनी, कहा- किसी भी नापाक हरकत का देंगे मुंहतोड़ जवाब   

नई दिल्ली। पाकिस्तान की नापाक हरकतों पर सख्त चेतावनी देते हुए सेना प्रमुख मनोज मुकुंद नरवणे ने मंगलवार को वार्षिक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि पाकिस्तान की तरफ से हम किसी तरह की आतंकी गतिविधि को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेंगे। अगर पाकिस्तान ने ऐसा किया तो उसे मुंहतोड़ जवाब देने के लिए समय और जगह दोनों हम चुनेंगे।

उन्होंने कहा कि आतंकवाद पर हमारी नीति जीरो टॉलरेंस की है। हम भारत के भूभाग पर पाकिस्तान द्वारा समर्थित आतंकवाद की एक भी नापाक हरकत को बर्दाश्त नहीं कर सकते। यदि कुछ ऐसा हुआ तो इसका खामियाजा पाकिस्तान को भुगतना ही पड़ेगा।

वहीं, नरवणे ने देश की सीमाओं की सुरक्षा को लेकर कहा कि हम सिर्फ लद्दाख की सीमा पर नहीं बल्कि देश की सभी बॉर्डर एरिया पर अलर्ट हैं। हम हर जगह चौकस-चौकन्नें हैं। हमारी सेना किसी भी चुनौती से निपटने के लिए तैयार हैं। चीन के साथ हमारी 8 दौर की बात हो चुकी है 9वें दौर की बात होगी और उम्मीद है कि उसमें बात बन सकती है। हमें हमेशा से ही सकारात्मक स्थिति की उम्मीद है।  बातचीत से समाधान निकलने की उम्मीद है।

 

 

DRDO ने भारतीय सेना के जवानों को दिया बड़ा तोहफा, ठंड से बचाने के लिए बनाई खास डिवाइस

नई दिल्ली। पूर्वी लद्दाख, सियाचीन और कश्मीर जैसे बर्फीले इलाकों में ठंड से जूझने वाले भारतीय सेना के जवानों की सुरक्षा के लिए DRDO ने  एक खास उपकरण विकसित किया है।  भारतीय रक्षा अनुसंधान संगठन ने इस विकसित उपकरण को हिम तापक का नाम दिया है। यह  उपकरण ऊंचाई वाले क्षेत्रों में जवानों के शरीर का तापमान सामान्य बनाए रखेगा।

डिफेंस इंस्टीट्यूट ऑफ फिजियोलॉजी एंड अलाइड साइंसेज के निदेशक डॉ. राजीव वार्ष्णेय ने बताया कि इन डिवाइस को बनाने का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि ठंड के दौरान जवानों की बैकब्लास्ट और कार्बन मोनोऑक्साइड विषाक्तता से मौत न हो। डॉ. वार्ष्णेय ने बताया कि अंतरिक्ष ताप उपकरणों में तीन अन्य सुधार भी किए गए हैं, क्योंकि तेल की खपत लगभग आधी हो गई है। इससे केंद्रीय रक्षा मंत्रालय को प्रति वर्ष लगभग 3,650 करोड़ रुपये की कुल बचत होगी।

इसके अलावा उन्होने बताया कि DRDO ने अत्यंत ठंडे सीमा क्षेत्रों में जवानों को शीत दंश व बिवाई व ठंड के कारण होने वाली अन्य समस्याओं से बचाने के लिए ‘एलोकल क्रीम‘ भी तैयार किया है।

 

 

चीन की घुसपैठ की कोशिश फिर हुई नाकाम, त्सो झील के पास से पकड़ा गया PLA का एक जवान

लद्दाख।  लद्दाख में चीनी सेना ने एक बार फिर भारतीय सीमा में घुसपैठ की कोशिश की। भारतीय सेना ने त्सो झील के पास से एक चीनी सैनिक को हिरासत में ले लिया है। ये चीनी सैनिक भारत की सीमा में घूम रहा था। पकड़े गए चीनी सैनिक से भारतीय सेना के अधिकारी और अन्य सुरक्षा एजेंसियां पूछताछ कर रही हैं।

सूत्रों के अनुसार चीन की पीपल्स लिबरेशन आर्मी का एक सैनिक 8 जनवरी को LAC को लांघकर लद्दाख की भारतीय सीमा में पहुंच गया। जिसके बाद उसे वहां तैनात भारतीय सैनिकों ने पकड़ लिया। सैन्य सूत्रों का कहना है कि इस चीनी सैनिक की गिरफ्तारी पैंगोंग झील के दक्षिण एरिया से की गई है। चीनी सैनिक ने दावा किया कि वह रास्ता भटक कर भारत की सीमा में प्रवेश कर गया था।

आपको बता दें कि पिछले साल मई के महीने से लद्दाख में LAC पर भारत और चीन के बीच तनाव जारी है। यहां दोनों देशों की सेनाएं आमने सामने खड़ी हैं। सेना के सूत्रों ने बताया कि चीनी सैनिक को पहले से निर्धारित निर्धारित प्रक्रियाओं और परिस्थितियों के अनुसार डील किया जा रहा है। सूत्रों ने बताया कि Rezang La के पास से गिरफ्तार किए गए PLA के सैनिक के बारे में चीनी सेना को सूचित कर दिया गया है। दोनों सेनाएं इस सैनिक को लेकर आपस में बात कर रही हैं।

शोपियां मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने दो आतंकियों को उतारा मौत के घाट, सेना को दो जवान घायल

जम्मू कश्मीर। दक्षिणी कश्मीर के शोपियां जिले में शुक्रवार शाम शुरू हुई आतंकियों से मुठभेड़ में अब तक दो आतंकियो को सुरक्षाबलों ने मौत के घाट  उतार दिया। ऑपरेशन में सेना के दो जवान भी घायल हुए हैं।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार शोपियां के जंगलों में आतंकवादियों की मौजूदगी की जानकारी मिलने के बाद राष्ट्रीय राइफल्स, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल और जम्मू कश्मीर पुलिस ने संयुक्त अभियान छेड़ा था। सुरक्षा बल के जवान एक लक्ष्य किए गए इलाके की तरफ बढ़ रहे थे। तभी वहां छुपे आतंकवादियों ने सुरक्षाबलों पर गोलीबारी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में सुरक्षा बलों ने भी गोलियां चलाई , जिसमें सेना के दो जवान घायल हो गये, जिन्हें सैन्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

इसके बाद आतंकवादी पास के एक मकान में घुस गए। अंधेरा होने के कारण अभियान को रोकना पड़ा। इससे पहले आतंकवादियों के भागने के प्रयास को विफल करने के लिए इलाके से बाहर निकलने वाले सभी रास्तों की घेराबंदी कर इलाके में रहने वालों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया। सुबह होने पर सुरक्षा बलों ने फिर से अभियान शुरू किया जिसमें दो आतंकवादी ढेर हो गए।

जम्मू-कश्मीर : सुरक्षाबलों ने अल-बदर के चार आतंकियों को दबोचा, हथियार बरामद

जम्मू-कश्मीर में बृहस्पतिवार को सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है। अवंतीपोरा जिले में तलाशी अभियान के दौरान सुरक्षाबलों ने अल-बदर के चार आतंकियों को  गिरफ्तार कर लिया। आतंकियों की गिरफ्तारी के बाद पूरे इलाके को सील कर तलाशी भी ली गई।

 

गिरफ्तार आतंकियों के पास से एक एके 56 राइफल, एक एके 56 मैगजीन, एक हैंड ग्रेनेड और 28 राउंड कारतूस बरामद हुए हैं।