Tag Archives: Assam

असम विधानसभा चुनाव : Congress पर जमकर बरसे PMMODI, कहा- कांग्रेस का मतलब है, विनाश की गारंटी

नई दिल्ली। असम के सिपाझार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को एक चुनावी जनसभा को संबोधित किया। पीएम मोदी ने कहा कि आज असम राइफल्स का 186वां स्थापना दिवस है।  असम राइफल्स का देश की रक्षा में गौरवमयी इतिहास रहा है। मैं असम की धरती से असम की शौर्य परंपरा का अभिनंदन करता हूं।

इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आज असम के हर हिस्से में एकसमान विकास हो रहा है, जबकि हर बात में भेदभाव करना उनकी (कांग्रेस) की आदत और संस्कार है। हमने शांति के पुल बांधे हैं। 5 साल में हिंसा पर लगाम लगी है, जबकि कांग्रेस के शासन में​ हिंसा आम बात थी।

पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस के दशकों साल के शासन के बाद भी असम में सिर्फ 3 बड़े पुल बन पाए थे। लेकिन एनडीए सरकार के 6 सालों के भीतर ही असम में ढोला सदिया, बोगीबील, सरायघाट समेत कई पुल आज काम करना शुरू कर चुके हैं। इनके अलावा यहां अनेक पुलों पर तेजी से काम चल रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का मतलब है, विनाश की गारंटी। कांग्रेस का ट्रैक रिकॉर्ड है- अस्थिरता, गरीबों से विश्वासघात, चाय बागान में काम करने वाले श्रमिकों को धोखा देना, हिंसा और अलगाववाद, घुसपैठियों को बढ़ावा देना। कांग्रेस के लिए घुसपैठिए ही सब कुछ हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के पास आज ना नेता है, ना ही सही नीयत है। कांग्रेस अब एक ही नीति पर चल रही है- झूठ बोलो, भ्रम फैलाओ और किसी भी कीमत पर सत्ता हासिल करो। इसलिए आपको कांग्रेस से सावधान रहना है।

असम विधानसभा के लिए बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने जारी किया पार्टी का घोषणापत्र, कहीं ये बातें;

नई दिल्ली। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने असम में होने जा रहे विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी का घोषणापत्र जारी कर दिया है। इस दौरान केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, असम के सीएम सर्बानंद सोनोवाल और राज्य मंत्री हिमंता बिस्व सरमा भी मौजूद रहे। 126 सीटों वाली राज्य विधानसभा के लिए तीन चरणों में मतदान कराए जाएंगे। इस दौरान नड्डा ने कहा कि हम असम की सुरक्षा के लिए सही एनआरसी पर काम करेंगे। हम वास्तविक भारतीय नागरिकों की रक्षा करेंगे और घुसपैठियों का पता लगाकर अहोम सभ्यता को सुरक्षित रखेंगे। असम के राजनीतिक अधिकारों की रक्षा के लिए, हम परिसीमन प्रक्रिया को गति देंगे।

नड्डा ने आगे कहा कि हमने अपने आपको बढ़ाने के लिए आपके सामने 10 संकल्प रखने का फैसला किया है। पहला-मिशन ब्रह्मपुत्र। बाढ़ जो यहां की समस्या बनी हुई है उसे नए-नए तरीके से रोकने का प्रयास किया जाएगा ताकि हम बाढ़ की त्रासदी से असम की जनता को बचा सकें और वो विकास की नई कहानी लिख सकें। हम ब्रम्हपुत्र के आसपास बड़े जलाशयों का निर्माण करेंगे ताकि  ब्रम्हपुत्र दृष्टि के तहत अतिरिक्त पानी का संरक्षण किया जा सके और लोगों को बाढ़ से बचाया जा सके। ओरुनोडोई योजना के तहत 30 लाख पात्र परिवारों को महीने में 3,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। हम अवैध अतिक्रमण को हटाने के साथ-साथ नाम घरों का अच्छे से निर्माण हो सके उसके लिए सभी नाम घरों को ढाई लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।

नड्डा ने अगे कहा कि असम देश में सबसे ज़्यादा तेज़ी से नौकरियां पैदा करने वाला राज्य बनेगा। सरकारी क्षेत्र में हम दो लाख लोगों को नौकरी देंगे जिसमें से एक लाख लोगों को हम 31 मार्च 2022 तक नौकरी देंगे। निजी क्षेत्र में 8 लाख नौकरियों की व्यवस्था की जाएगी

कांग्रेस हाथी की तरह है, जिसके खाने के दांत अलग और दिखाने के अलग हैं

इससे पहले सोमवार को नड्डा ने डिब्रूगढ़, जोरहाट और बिश्वनाथ चाराली में चुनावी सभा को भी संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस को अवसरवादी बताते हुए जमकर निशाना साधा और कहा कि कांग्रेस हाथी की तरह है, जिसके खाने के दांत अलग और दिखाने के अलग हैं। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा का मतलब विकास और कांग्रेस का मतलब अंधकार।

विकास चाहिए वो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ चलें

नड्डा ने कहा कि जो लोग चाहते हैं कि चुनाव बाद असम का अंधकारमय भविष्य चाहते हैं, वो कांग्रेस के साथ जा सकते हैं। लेकिन जिनकों विकास चाहिए वो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ चलें। नड्डा ने कहा कि कांग्रेस का एक मात्र मकसद अवसरवादी राजनीति है। केरल में वह मुस्लिम लीग के साथ मिलकर माकपा से लड़ रही है और बंगाल और असम में माकपा के साथ उसका गठबंधन है। असम में कांग्रेस के लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहे तरुण गोगोई ने कभी भी बदरुद्दीन अजमल की पार्टी आल इंडिया यूनाइडेट डेमोक्रेटिक फ्रंट (एआइयूडीएफ) के साथ गठबंधन नहीं किया। उनके नहीं रहने पर उनके पुत्र ने अजमल के साथ हाथ मिला लिया। यह अवसरवादी राजनीति नहीं है तो क्या है?

2016 में भाजपा ने कांग्रेस के 15 वर्ष के शासन को उखाड़ फेंकते हुए सरकार बनाई थी

बता दें कि वर्ष 2016 में भाजपा ने कांग्रेस के 15 वर्ष के शासन को उखाड़ फेंकते हुए सहयोगियों के साथ मिलकर सरकार बनाई थी। उसके सहयोगी दलों में अगप तथा बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट भी शामिल थे। भाजपा गठबंधन 126 विधानसभा सीटों में 86 सीटें जीतने में कामयाब रहा। भाजपा को 60, अगप को 14 तथा फ्रंट को 12 सीटें मिली थीं। इस बार फ्रंट कांग्रेस के नेतृत्ववाले गठबंधन में शामिल हो गया है।

असम में गृह मंत्री अमित शाह ने भरी हुंकार, कहा- राहुल गांधी का असम दौरा पिकनिक से ज्यादा कुछ नहीं है

नई दिल्ली।  केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को असम के उदलगुड़ी में एक चुनावी जनसबा को संबोधित किया। गृह मंत्री अमित शाह ने इस दौरान कांग्रेस पर जमकर हमला बोला।

उन्होंने कहा कि अ​भी राहुल बाबा असम के दौरे पर आए हैं, उनके लिए असम का दौरा पिकनिक से ज़्यादा कुछ नहीं है। वो जब श्रमिकों की बात करते हैं तो मुझे बहुत हंसी आती है। 4-4 पीढ़ी तक जिन्होंने शासन किया हो, लेकिन चाय बगान के श्रमिकों के लिए कुछ न किया हो, वो भला कैसे कुछ कर सकते हैं।

गृह मंत्री ने कहा कि असम अब विकास के रास्ते पर चल पड़ा है। मगर बदरुद्दीन जैसे लोग जो शांति नहीं चाहते हैं, घुसपैठ कराना चाहते हैं, अतिक्रमण करना चाहते हैं, उन्हें रोकने का काम कांग्रेस पार्टी नहीं कर सकती। अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस सबको झगड़ाकर अपनी राजनीति करती है। ये बदरुद्दीन अजमल के साथ मिलकर सरकार बनाएंगे तो हम घुसपैठ नहीं रोक पाएंगे। घुसपैठ रोकने का काम मोदी जी के नेतृत्व में भाजपा ही कर सकती है। असम को आतंकवाद से मुक्त रखने का काम मोदी जी ही कर सकते हैं।

गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि यहां 15 साल तक यहां कांग्रेस की सरकार रही, अलग-अलग प्रकार के आतंकवादी संगठन गोलियां चलाते थे, लोगों को और हमारे सुरक्षा बलों को मार देते थे, लेकिन इन 5 वर्षों में 2,000 आतंकवादियों ने हथियार डालकर मुख्यधारा में प्रवेश किया है और असम आतंकवाद मुक्त हो गया है।

असम के बोकाखाट में PMMODI ने Congress को सुनाई खरी-खरी, कहा- कांग्रेस मतलब कंफ्यूजन की गारंटी

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को असम के बोकाखाट में चुनावी जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान पीएम मोदी ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 50 साल से ज्यादा असम पर राज करने वाले लोग आजकल असम को पांच गारंटी दे रहे हैं। असम के लोग इनकी रग-रग से वाकिफ हैं। इन लोगों को झूठे वायदे करने की, झूठे घोषणापत्र बनाने की आदत पड़ गई है।

पीएम मोदी ने कहा कि ये अब तय हो गया है कि असम में दूसरी बार भाजपा की सरकार बनेगी। असम में दूसरी बार डबल इंजन की सरकार बनेगी।  उन्होंने कहा कि आज मैं यहां बैठी हमारी सभी माताओं, बहनों, बेटियों को आदरपूर्वक कह सकता हूं कि आपने जिस जिम्मेदारी और जिन उम्मीदों के साथ भाजपा की सरकार चुनी थी, उसे पूरा करने के लिए हमने जी-जान से मेहनत की है।

पीएम मोदी ने कहा कि  कांग्रेस राज में सवाल था कि ब्रह्मपुत्र के दोनों किनारों के बीच आपस में कनेक्टेविटी कैसे बढ़े? NDA के सेवाकाल में ब्रह्मपुत्र पर आधुनिक पुल बन रहे हैं, पुराने अधूरे पुलों को पूरा किया जा रहा है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के राज में असम के सामने सवाल था कि असम को लूटने से कैसे बचाएं? NDA के सेवाकाल में आज असम पूरे सामर्थ्य के साथ नई बुलंदियों को छूने के लिए आगे बढ़ रहा है। कांग्रेस राज में सवाल था कि ब्रह्मपुत्र के दोनों किनारों के बीच आपस में कनेक्टेविटी कैसे बढ़ें।

पीएम मोदी ने कहा कि आपको याद रखना है कि कांग्रेस मतलब झूठे घोषणापत्र की गारंटी। कांग्रेस मतलब कंफ्यूजन की गारंटी। कांग्रेस मतलब अस्थिरता की गारंटी। कांग्रेस मतलब, बम, बंदूक और ब्लॉकेड की गारंटी। कांग्रेस मतलब हिंसा और अलगाववाद की गारंटी। कांग्रेस मतलब भ्रष्टाचार की गारंटी, घोटालों की गारंटी। उन्होंने कहा कि BJP के नेतृत्व में NDA सरकार सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास के मंत्र के साथ आगे बढ़ रही है। लेकिन आज के कांग्रेस नेताओं को तो सिर्फ सत्ता से मतलब है वो चाहे कैसे भी मिले। असल में कांग्रेस का खज़ाना अब खाली हो गया है उसे भरने के लिए इन्हें किसी भी कीमत पर सत्ता चाहिए।

असम के होजाई पहुंचे सीएम योगी ने कहा- कांग्रेस ने असम में घुसपैठ कराई

गुवाहाटी। असम के विधानसभा चुनाव में यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ बुधवार को प्रचार के लिए होजाई पहुंचे। इस दौरान उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। सीएम योगी ने कहा कि कांग्रेस की सरकार ने तुष्टिकरण की राजनीति की। कश्मीर को आंतकवाद के हवाले किया तो असम में घुसपैठ करवाई।

सीएम योगी ने कहा कि असम की धरती शंकरदेव के कारण बच पाई थी। कांग्रेस की कूटनीति चलती और उनका षड्यंत्र सफल होता तो असम की धरती भारत के लिए उसी तरह खतरा पैदा करती, जिस तरह घुसपैठियों ने बहुत सारे राज्यों में किया। घुसपैठ कांग्रेस के तुष्टिकरण के कारण हुई।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रवाद की अलख जगाकर शंकरदेव ने देश को बचाने में अपना योगदान दिया। घुसपैठ की समस्या के प्रति सचेत किया था। कांग्रेस की नीति तुष्टिकरण और सत्ता प्राप्त करने की थी न कि असम वालों के लिए कुछ करने की।
मुखयमंत्री योगी ने कहा कि असम की धरती पूज्यनीय है। इस धरती ने कई साहित्यकार दिए हैं। खेल रत्न दिए हैं। विभूतियों पर गर्व होना चाहिए। छह सालों में बीजेपी की सरकार ने विकास की योजनाओं को हर एक नागरिक तक पहुंचाया है। किसी भी जाति, क्षेत्र, मजहब, भाषा या धर्म नहीं देखा। हर किसी को योजनाओं का लाभ दिया।

कांग्रेस पर जमकर बरसे गृह मंत्री शाह, घुसपैठ के लिए ठहराया जिम्मेदार

नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को असम के गुवाहटी में चुनावी जनसभा को संबोधित किया।

इस दौरान अपने संबोधन में केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि 20-25 सालों से हम मानते ही नहीं थे कि आंदोलन, हिंसा, घुसपैठ और आतंकवाद के बगैर असम हो सकता है। असम के अस्मिता की बात करने वाले घुसपैठ तक नहीं रोक पाए।  असम की अस्मिता को क्या खाक बचाएंगे। आपकी गोदी में अजमल बैठा है और असम के अस्मिता की बात करते शर्म नहीं आती।

गृह मंत्री शाह ने कहा कि कांग्रेस एक तरफ धर्मनिरपेक्षता की बात करती है और दूसरी तरफ यहां बदरुद्दीन अजमल के साथ है। केरल में मुस्लिम लीग के साथ बैठी है। मेरी तो समझ में नहीं आता कि ये कैसी धर्मनिरपेक्ष पार्टी है। इनके धर्मनिरपेक्षता की परिभाषा अनोखी है।

अमित शाह ने कहा कि आंदोलन मुक्त असम भी हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण मुद्दा है। असम के युवाओं पर गोली चलाने वाली कांग्रेस आज असम के अस्मिता की बात करती है। कांग्रेस ने 70 साल में ब्रह्मपुत्र पर एक पुल बनाया। वे नहीं चाहते थे कि असम एक हो। मोदी जी ने 6 साल में 6 पुल बनाए हैं।

Assam Assembly Election 2021 : रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा- राज्य में तलता रहेगा विकास का पहिया

नई दिल्ली। वरिष्‍ठ भाजपा नेता और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आज असम के बिस्‍वनाथ जिले में चुनावी रैली को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में बीजेपी के नेृतत्‍व में राज्‍य में विकास का पहिया चलता रहेगा। रक्षा मंत्री ने कहा कि सर्बानंद सोनोवाल सरकार ने विकास की दिशा में सफलता हासिल की है, जो कांग्रेस सरकार 15 वर्षों के दौरान नहीं कर पाई थी। उन्‍होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सरकार ने राज्‍य में विकास के अनेक कार्य किए हैं।

राजनाथ सिंह ने लछित बोरफुकन सहित असम के महान बेटों को भी याद किया। उन्‍होंने कहा कि सोनोवाल सरकार के किसी भी मंत्री पर कोई आरोप नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के किसानों के हित में अनेक फैसले लिए हैं।

रक्षा मंत्री ने कहा कि असम में 2016 के पहले 15 वर्षों तक कांग्रेस की सरकार रही। कांग्रेस के लोग फिर आपसे वोट मांग रहे हैं, उनसे पूछा जाना चाहिए कि 15 वर्षों तक हमने असम में आपको सरकार चलाने के लिए पूरा समर्थन दिया लेकिन उसके बावजूद आपने असम का विकास क्यों नहीं किया।

उन्होंने कहा कि असम और पूरे नॉर्थ-ईस्ट के मान-सम्मान के लिए हम पूरी तरह से प्रतिबद्ध हैं। संगीत क्षेत्र के जाने-माने सम्राट भूपेन हज़ारिका जी को किसी ने सम्मानित नहीं किया, उन्हें भारत रत्न के साथ सम्मानित करने का काम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार ने किया है।

 

Assam Elections 2021 : बीजेपी ने जारी की उम्मीदवारों की पहली लिस्ट, जानिए कौन कहां से लड़ेगा चुनाव?

नई दिल्ली। असम विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने शुक्रवार को उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी  कर दी है। मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनवाल माजुली से  और हेमंत बिस्वा शर्मा जालुकबरी सीट से चुनाव मैदान में उतरेंगे। बीजेपी ने आज 70 सीटों पर उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी की है। असम विधानसभा सीटों को लेकर बीजेपी और असम गण परिषद के बीच समझौता हो गया है।

बता दें कि असम की 126 विधानसभा सीटों पर 27 मार्च से तीन चरणों में मतदान होंगे। मतगणना दो मई को होगी। बताते चलें कि इसके पहले बृहस्पतिवार को भारतीय जनता पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के घर बैठक की थी। यह बैठक जेपी नड्डा की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में पीएम नरेंद्र मोदी, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह और चुनाव समिति के अन्य सदस्य मौजूद थे।

असम : कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी नें कामाख्या मंदिर में की पूजा, मांगी ये दुआएं

असम में चुनाव  का शंखनाद हो चुका है। राजनीतिक पार्टियों ने चुनाव प्रचार को धार देनी शुरू कर दी है। कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने सोमवार को गुवाहाटी के कामाख्या मंदिर में पूजा-अर्चना कर अपने दो दिवसीय असम के दौरे की शुरुआत की। मंदिर में पूजा-अर्चना करने का बाद प्रियंका गांधी ने लखीमपुर में स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उनके साथ आदिवासी नृत्य किया।

बता दें कि असम में 126 सदस्यीय विधानसभा के लिए 27 मार्च, एक अप्रैल और 6 अप्रैल को तीन चरणों में मतदान होना है।

प्रियंका गांधी के असम पहुंचने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जलुकबारी इलाके में उनका जोरदार स्वागत किया। जिसके बाद प्रियंका गांधी नीलाचल हिल्स स्थित शक्ति पीठ के लिए रवाना हो गईं।

इस दौरान प्रियंका गांधी ने कहा कि वह काफी समय से मंदिर आना चाहती थीं और ‘उनकी यह इच्छा आज पूरी हो गई।  उन्होंने कहा कि मैंने अपने परिवार और के लोगों लिए दुआएं मांगी है।

Assembly Elections 2021:  चुनाव आयोग ने की तारीखों की घोषणा, जानिए 5 राज्यों में कब होगा मतदान ?

नई दिल्ली। चुनाव आयोग ने शुक्रवार शाम पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर प्रेस कांफ्रेंस की। प्रेस कांफ्रेस में मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने कहा कि  साल 2021 ने पूरी दुनिया की एकजुटता और समझ में लचीलापन बनाया है। हमें उम्मीद की कहानियों से राहत मिलेगी। चुनाव के दौरान कोरोना गाइडलाइंस का पूरा पालन होगा।

बता दें कि जिन राज्यों में चुनाव होने वाले हैं, उनमें तमिलनाडु, असम, पश्चिम बंगाल, केरल और पुडुचेरी हैं। इन सभी राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव के नतीजे 2 मई को आएंगे।

मुख्य चुनाव आयुक्त कहा कि पश्चिम बंगाल में 8 चरणों में चुनाव होगा। पहला चरण 27 मार्च, दूसरा 1 अप्रैल, तीसरा 6 अप्रैल, चौथा 10 अप्रैल, पांचवां चरण 17 अप्रैल, छठा चरण 22 अप्रैल, सातवां चरण 26 अप्रैल और आठवें चरण का मतदान 29 अप्रैल को होगा। पुडुचेरी में चुनाव 6 अप्रैल को होंगे। असम विधानसभा चुनाव 3 चरणों में होंगे। पहले चरण का मतदान 27 मार्च, दूसरे चरण का मतदान 1 अप्रैल और तीसरे चरण का मतदान 6 अप्रैल को होगा। इसके अलाव तमिलनाडु में एक चरण में मतदान होंगे, जिसमें सभी सीटों पर 6 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे। केरल में भी एक चरण में मतदान होगा  जोकि 6 अप्रैल को होगा।