Tag Archives: Congress MLA

उत्तराखंडः महंगाई के खिलाफ कांग्रेस ने फूंका भाजपा सरकार का पुतला, पूर्व कांग्रेस विधायक ने सरकार पर लगाए आरोप

नई दिल्ली। उत्तराखंड के टनकपुर जिले में पूर्व कांग्रेस विधायक हिमेश खर्कवाल के नेतृत्व में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने बढ़ती महंगाई के खिलाफ नारेबाजी करते हुए तुलसीराम चौराहे पर भारतीय जनता पार्टी का पुलला फूंका। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार विरोधी नारेबाजी भी की।

गौरतलब है कि आए दिन खाद्य तेल, पेट्रोल-डीजल व रसोई गैस सहित अन्य सामानों के दामों में बेतहाशा वृद्धि हो रही है जिससे आम जनता का बहुत बुरा हाल हो गया है। सभी लोग दिनों दिन बढ़ती  महंगाई से त्रस्त हैं। इसी के चलते पूर्व विधायक हिमेश खर्कवाल के नेतृत्व में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए भाजपा सरकार का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया।

पूर्व विधायक हिमेश खर्कवाल ने बताया कि महंगाई के खिलाफ रोज लोग आंदोलित हैं इसके बावजूद भी डीजल-पेट्रोल और रसोई गैस के दाम प्रतिदिन बढ़ रहे हैं। खर्कवाल ने तंज कसते हुए बताया कि उत्तराखंड के चंपावत के लोग विशेष रूप से सौभाग्यशाली हैं क्योंकि 13 जिलों में से केवल चंपावत में ही सबसे महंगा गैस सिलेंडर मिल रहा है और यह हाल तब है जब कि महंगाई के खिलाफ रोज आंदोलन हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि जनता के आक्रोश को आवाज देने के लिए आज हमने फिर तुलसीराम चौराहे पर सरकार का पुतला फूंका है तथा जिस तरह से सरकार महंगाई बढ़ा रही हैं। हम दो हमारे दो की सरकार काम कर रही है इससे लगता है कि इनके दिन अब पूरे हो चुके हैं और आने वाले समय में जनता इनको माकूल जवाब देगी।

मध्यप्रदेशः कांग्रेस विधायकों के 15 ठिकानों पर आयकर विभाग की छापेमारी, 450 करोड़ की अघोषित संपत्ति बरामद

नई दिल्ली। मध्य प्रदेश के बैतूल से कांग्रेस विधायक निलय डागा और उनके परिवार से संबंधित कंपनियों पर आयकर विभाग के 15 ठिकानों पर छापेमारी कार्रवाई की। इसमें अघोषित संपत्ति का बड़ा आंकड़ा सामने आया है। 18 फरवरी से जारी विभाग की कार्रवाई में सोमवार शाम तक 450 करोड़ रुपये से अधिक की अघोषित संपत्ति का पता चला। नौ बैंक लॉकर भी मिले हैं, जिनकी पड़ताल की जा रही है। अघोषित संपत्ति में बड़ी राशि शेल कंपनियों के जरिये निवेश कर अर्जित की गई है।

आयकर विभाग का यह छापा प्रदेश की बड़ी कार्रवाइयों में से एक है। आयकर विभाग ने बैतूल स्थित सोया प्रोडक्ट्स मैन्यूफैक्चरिंग ग्रुप के मध्य प्रदेश के बैतूल और सतना, महाराष्ट्र के सोलापुर और मुंबई और बंगाल के कोलकाता में एक साथ कार्रवाई की थी। इस दौरान आठ करोड़ रुपये नकद बरामद किए गए। कंपनी के कर्ताधर्ता इस नकदी के बारे में जानकारी नहीं दे सके। इसे जब्त कर लिया गया है।

आठ करोड़ रुपये नकद और 44 लाख से अधिक की विदेशी मुद्रा भी बरामद इसके अलावा 44 लाख रुपये से ज्यादा की विदेशी मुद्रा भी बरामद की गई है। इसके अलावा 259 करोड़ रुपये की आय विभिन्न कंपनियों के शेयर में निवेश के माध्यम से प्राप्त करना बताया गया, लेकिन ये कोलकाता स्थित शेल कंपनियां (निवेश के लिए कागजों पर संचालित कंपनियां) थीं। 90 करोड़ रुपये की बिक्री भी कोलकाता स्थित शेल कंपनियों के माध्यम से कर आय होना बताया गया। आयकर विभाग की कार्रवाई की जद में आई कंपनी के कर्ताधर्ताओं ने जिन कंपनियों को यह बिक्री करना बताया था, उनका अस्तित्व बताए गए पतों पर नहीं मिला। इसके साथ ही अघोषित संपत्ति में 52 करोड़ रुपये के बारे में पता चला है।

कंपनी की ओर से दावा किया गया था कि यह उनका मुनाफा है, लेकिन जांच में सामने आया कि यह लाभ जिन कंपनियों के जरिये होना बताया गया था, उनमें से कई कर्मचारियों के नाम से हैं। इनके बीच हुए लेनदेन का जो ब्योरा दिया गया, वह भी प्रमाणित नहीं हो सका। इन कंपनियों को जिनके नाम से चलाया जा रहा था, उन्हें इससे संबंधित हुए लेनदेन की जानकारी ही नहीं थी। साथ ही 27 करोड़ रुपये की आमदनी शेयर बेचकर होना बताया गया। हालांकि शेयरों की खरीदी-बिक्री कोलकाता स्थित शैल कंपनियों के जरिये की गई।

प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त (मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़) आरके पालीवाल ने कहा कि विभाग की यह कार्रवाई मध्य प्रदेश की बड़ी कार्रवाइयों में से एक है। इस संबंध में केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड की ओर से भी जानकारी दी गई है। मामले में जांच जारी है।

कांग्रेस के बागी विधायक ने सोमनाथ भारती पर स्याही फेंकने वाले युवक को किया सम्मानित

रायबरेली। आम आदमी पार्टी के विधायक सोमनाथ भारती पर सोमवार को स्याही फेंकने वाले हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ता जितेंद्र सिंह को 24 घंटे बाद बड़ा सम्मान मिला। जिले की हरचंदपुर सीट से कांग्रेस के बागी विधायक राकेश सिंह ने जितेंद्र को 51 हजार रूपये नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया है।

इस मौके पर विधायक राकेश सिंह ने कहा कि कल हमारे प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ऊपर दिल्ली के आम आदमी पार्टी के जो पूर्व न्याय मंत्री थे उन्होंने अभद्र टिप्पणी की थी। उसका जवाब उनके मुंह पर कालिख पोतकर जितेंद्र सिंह ने उन्हीं की भाषा में दिया।

वहीं, बताते चलें कि सोमनाथ भारती की मुश्किलें अब और बढ़ गईं हैं। सदर कोतवाली में सोमवार को दर्ज कराए गए मामले में कोर्ट ने आरोपी विधायक सोमनाथ भारती के खिलाफ वारंट-बी जारी किया है। इसके अलावा एमपी/एमएलए कोर्ट के विशेष न्यायाधीश विनोद कुमार बरनवाल ने मामले में आरोपी विधायक को 15 जनवरी को जिला कारागार सुल्तानपुर से तलब करने का आदेश दिया है।