Category Archives: असम

हेमंत बिस्वा सरमा संभालेंगे असम की कमान, कल लेंगे शपथ

नई दिल्ली। बीजेपी नेता हेमंत बिस्वा सरमा अब असम की सत्ता संभालेंगे। सरमा को सर्वसम्मति से विधायक दल का नेता चुना गया है। गुवाहाटी में राज्य बीजेपी विधानमंडल के नेता के रूप में उनके नाम पर मुहर लगाई गई है, जिसके बाद अब नए मुख्यमंत्री और उनका मंत्रिमंडल कल दोपहर यानी 10 मई सोमवार को 12 बजे शपथ लेगा।

बता दें कि विधायक दल की बैठक में केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर और पार्टी महासचिव अरुण सिंह केंद्रीय पर्यवेक्षक के तौर पर मौजूद रहें। बैठक खत्म होने के बाद केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि सर्वसम्मति से असम राज्य बीजेपी विधानमंडल के नेता के रूप में हेमंत बिस्वा सरमा को विधायक दल का नेता घोषित करता हूं। विधायक दल की बैठक शुरू होने से पहले सर्बानंद सोनोवाल ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था।

दरअसल, असम को अगले सीएम को लेकर चर्चाएं तेज थी। हाल ही में दिल्ली में भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने इसको लेकर विधायक दल की बैठक भी बुलाई थी। असम में सर्बानंद सोनोवाल और हेमंत बिस्वा सरमा के बीच में से किसी एक के सीएम बनने की खबरें सुर्खियों में थी। आपको बता दें कि 126 विधानसभा सीटों वाले असम में बीजेपी ने 60 सीटों पर जीत दर्ज की है। वहीं भाजपा के साथ गठबंधन वाली पार्टी असम गण परिषद ने 9 सीटें और यूनाइटेड पीपुल्स पार्टी लिबरल ने 6 सीटें जीती हैं।

असम विधानसभा चुनाव : रुझानों में BJP आगे, कांग्रेस का सूपड़ा दिख रहा साफ

नई दिल्ली। असम में 126 विधानभा सीटों के लिए हुए चुनाव की मतगणना रविवार को आठ बजे से जारी है। यहां मतगणना 34 जिलों में कड़े सुरक्षा उपायों और सभी कोविड -19 मानक संचालन प्रक्रियाओं (एसओपी) के बीच हो रही हैं। वहीं शुरुआती रुझानों में असम में भारतीय जनता पार्टी (BJP) एक बार फिर सत्ता में वापसी करते दिख रही है। जबकि कांग्रेस पिछड़ती दिख रही है। 115 सीटों के रुझान में एनडीए को 76 और कांग्रेस गंठबंधन को 36 व अन्य के खाते में 3 सीट पर बढ़त दिख रही है। बता दें कि असम में तीन चरणों में चुनाव कराए गए थे। वहीं चुनाव आयोग के मुताबिक, राज्य में तीन चरणों में हुए चुनावों में कुल 82.04 फीसदी मतदान दर्ज किया गया था।

बता दें कि असम में बीजेपी ने क्षेत्रीय असम गण परिषद और यूनाइटेड पीपुल्स पार्टी लिबरल के साथ ‘मित्रजोत’ गठबंधन किया है। वहीं, कांग्रेस ने ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक फ्रंट, बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट, वाम दलों, आंचलिक गण मोर्चा और राष्ट्रीय जनता दल के साथ मिलकर ‘महाजोत’ गठबंधन तैयार किया है। इस बार चार राज्य- असम, केरल, पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु और एक केंद्र शासित प्रदेश- पुडुचेरी के चुनाव नतीजों पर सबकी नजर टिकी हुई है।

उधर, असम के मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने कहा कि हम सरकार बनाएंगे यह स्पष्ट है। जनता ने हमें आशीर्वाद दिया है। अभी आखिरी गिनती तक इंतजार करना पड़ेगा। अभी ट्रेंड हमारे पक्ष में है।

भूकंप के झटकों से दहला असम, 6.4 रही तीव्रता    

नई दिल्ली। असम के गुवाहाटी समेत पूर्वोत्तर में भूकंप का बड़ा झटका महसूस किया गया है। 7 बजकर 51 मिनट पर आए इस भूकंप  की रिक्टर स्केल पर तीव्रता 6.4 बताई जा रही है। भूकंप का केंद्र बिंदु असम का सोनितपुर है।

राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक असम के तेजपुर के करीब भूकंप का पहला झटका सुबह 7 बजकर 51 मिनट पर महसूस किया गया। तेजपुर से 43 किलोमीटर पश्चिम में जमीन से 17 किलोमीटर नीचे भूकंप का केंद्र रहा। इसके कुछ मिनट के बाद ही दो और झटके महसूस किए गए, जिनकी तीव्रता 4.3 और 4.4 रही।

असम में आए इन भूकंप के झटकों को लेकर स्वास्थ्य मंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने गुवाहटी में हुए कुछ नुकसानों की तस्वीरों को ट्वीट किया है। भूकंप के झटके इतने तेज थे कि पड़ोस के अरुणाचल प्रदेश से लेकर पश्चिम बंगाल के उत्तरी हिस्से और बिहार तक महसूस किया गया।

बता दें कि देश कोरोना वायरस के प्रकोप से जूझ रहा है लेकिन इस बीच भूंकप के झटकों ने भारत को एक और झटका दिया है। कोरोना संकट से जूझ रहे देश को बुधवार को भूकंप के झटकों ने झकझोर दिया।

उधर, असम के कई इलाकों में भूकंप के तेज झटके महसूस किए जाने को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने असम के मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल से बात की। उन्होंने उन्हें हर संभव मदद करने का भरोसा दिया। इसको लेकर पीएम मोदी के आधिकारिक अकाउंट से एक ट्वीट में जानकारी दी गई कि, ‘राज्य में आए भूकंप के संबंध में असम के मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल से बात की। उन्हें केंद्र की तरफ से हर संभव मदद का वादा किया गया है। मैं असम के लोगों की भलाई की कामना करता हूं।’

 

बंगाल की 30 और असम की 39 सीटों पर मतदान संपन्न,  लोकतंत्र के महापर्व में हिस्सेदारी के लिए उमड़े लोग

नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल की 30 और असम की 39 सीटों पर आज यानी बृहस्पतिवार को मतदान सम्पन्न हो गया। दोनों ही राज्यों में दूसरे चरण के चुनाव में बंपर वोटिंग हुई। सभी विधानसभा सीटों पर युवाओं,  महिलाओं का उत्साह देखने को मिला।

कोरोना काल के बावजूद भी लोगों का उत्साह मतदान के लिए चरम पर था। बात पश्चिम बंगाल की करें तो राज्य में बृहस्पतिवार को दूसरे चरण में 4 जिलों की कुल 30 सीटों पर मतदान हुए। पूर्वी और पश्चिमी मेदिनीपुर की नौ-नौ सीटों पर, बांकुरा की आठ और दक्षिण 24 परगना की चार सीटों पर लोगों ने मतदान किया। मतदान केंद्रों पर दोपहर होते ही मतदाताओं की संख्या अचानक बढ़ गई। अब बात असम की करें तो दूसरे चरण में 13 जिलों की 39 सीटों पर बृहस्पतिवार सुबह से मतदान शुरू हुआ। राज्य में करीमगंज, हैलाकांडी, कछार, दीमा हसाओ, कार्बी आंगलोंग, पश्चिमी कार्बी आंगलोंग , कामरुप, नलबाड़ी, उदलगुरी, मोरीगांव, नगांव और होजाई जिले की सीटों पर वोट डाले गए।

चुनाव आयोग ने मदताताओं के लिए सेल्फी प्वॉइंट, बच्चों के लिए चाइल्ड केयर के अलावा कोविड के संदिग्धों के लिए अलग से कक्ष की सुविधा तमाम पोलिंग बूथों पर दी है। दोनों ही राज्यों में दूसरे चरण के मतदान के दौरान तमाम वीआईपी मतदताओं ने भी अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। नंदीग्राम में बीजेपी के उम्मीदवार सुवेंदु अधिकारी ने वोट डाला तो बांकुरा में बीजेपी सांसद सुभाष सरकार ने मतदान किया।

पश्चिम बंगाल चुनाव : शाम 5 बजे तक लगभग 80 प्रतिशत हुआ मतदान

पश्चिम बंगाल और असम में पहले चरण के लिए आज मतदान हो रहा है। बंगाल के पहले चरण में 5 जिलों की 30 सीटों पर वोटिंग हो रही है। चुनाव आयोग की अनुसार असम और पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों के पहले चरण में शाम 5 बजे तक क्रमश 71.62% और 77.99% मतदान हुआ।

 

असम और पश्चिम बंगाल में पहले चरण के लिए चुनाव प्रचार खत्म, अब शनिवार को डाले जाएंगे वोट

नई दिल्ली।  पश्चिम बंगाल और असम में आज पहले चरण के मतदान के लिए चुनाव प्रचार थम गया। अब शनिवार को पश्चिम बंगाल की 30 और असम की 47 सीटों पर वोट डाले जाएंगे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने ट्वीटर हैंडल से दो वीडियो शेयर कर असम और पश्चिम बंगाल की जनता से भाजपा के पक्ष में प्रचार करने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोग BJP को चाहते हैं और TMC  के अपराधिकरण की राजनीति काफी हो चुकी है। उन्होंने कहा कि भाजपा पश्चिम बंगाल में नियमों से चलने वाली और लोगों को केंद्रित सरकार देने का आश्वासन देती है। वहीं, दूसरे वीडियो में पीएम ने कहा कि पूरे असम में कांग्रेस के शासनकाल में लोगों को भ्रष्टाचार और हिंसा की भयावह यादें हैं।

वहीं, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पश्चिम बंगाल के विभिन्न इलाकों में चुनाव प्रचार किया। उन्होंने पूर्वी मेदिनीपुर के तामलुक, गोपीबल्लवपुर औप पुरुलिया में भाजपा के पक्ष में लोगों से मतदान करने की अपील की। इसके अलावा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी चुनावी जनसभाओं को संबोधित किया।

 

असम विधानसभा चुनाव : Congress पर जमकर बरसे PMMODI, कहा- कांग्रेस का मतलब है, विनाश की गारंटी

नई दिल्ली। असम के सिपाझार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को एक चुनावी जनसभा को संबोधित किया। पीएम मोदी ने कहा कि आज असम राइफल्स का 186वां स्थापना दिवस है।  असम राइफल्स का देश की रक्षा में गौरवमयी इतिहास रहा है। मैं असम की धरती से असम की शौर्य परंपरा का अभिनंदन करता हूं।

इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आज असम के हर हिस्से में एकसमान विकास हो रहा है, जबकि हर बात में भेदभाव करना उनकी (कांग्रेस) की आदत और संस्कार है। हमने शांति के पुल बांधे हैं। 5 साल में हिंसा पर लगाम लगी है, जबकि कांग्रेस के शासन में​ हिंसा आम बात थी।

पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस के दशकों साल के शासन के बाद भी असम में सिर्फ 3 बड़े पुल बन पाए थे। लेकिन एनडीए सरकार के 6 सालों के भीतर ही असम में ढोला सदिया, बोगीबील, सरायघाट समेत कई पुल आज काम करना शुरू कर चुके हैं। इनके अलावा यहां अनेक पुलों पर तेजी से काम चल रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का मतलब है, विनाश की गारंटी। कांग्रेस का ट्रैक रिकॉर्ड है- अस्थिरता, गरीबों से विश्वासघात, चाय बागान में काम करने वाले श्रमिकों को धोखा देना, हिंसा और अलगाववाद, घुसपैठियों को बढ़ावा देना। कांग्रेस के लिए घुसपैठिए ही सब कुछ हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के पास आज ना नेता है, ना ही सही नीयत है। कांग्रेस अब एक ही नीति पर चल रही है- झूठ बोलो, भ्रम फैलाओ और किसी भी कीमत पर सत्ता हासिल करो। इसलिए आपको कांग्रेस से सावधान रहना है।

असम विधानसभा के लिए बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने जारी किया पार्टी का घोषणापत्र, कहीं ये बातें;

नई दिल्ली। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने असम में होने जा रहे विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी का घोषणापत्र जारी कर दिया है। इस दौरान केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, असम के सीएम सर्बानंद सोनोवाल और राज्य मंत्री हिमंता बिस्व सरमा भी मौजूद रहे। 126 सीटों वाली राज्य विधानसभा के लिए तीन चरणों में मतदान कराए जाएंगे। इस दौरान नड्डा ने कहा कि हम असम की सुरक्षा के लिए सही एनआरसी पर काम करेंगे। हम वास्तविक भारतीय नागरिकों की रक्षा करेंगे और घुसपैठियों का पता लगाकर अहोम सभ्यता को सुरक्षित रखेंगे। असम के राजनीतिक अधिकारों की रक्षा के लिए, हम परिसीमन प्रक्रिया को गति देंगे।

नड्डा ने आगे कहा कि हमने अपने आपको बढ़ाने के लिए आपके सामने 10 संकल्प रखने का फैसला किया है। पहला-मिशन ब्रह्मपुत्र। बाढ़ जो यहां की समस्या बनी हुई है उसे नए-नए तरीके से रोकने का प्रयास किया जाएगा ताकि हम बाढ़ की त्रासदी से असम की जनता को बचा सकें और वो विकास की नई कहानी लिख सकें। हम ब्रम्हपुत्र के आसपास बड़े जलाशयों का निर्माण करेंगे ताकि  ब्रम्हपुत्र दृष्टि के तहत अतिरिक्त पानी का संरक्षण किया जा सके और लोगों को बाढ़ से बचाया जा सके। ओरुनोडोई योजना के तहत 30 लाख पात्र परिवारों को महीने में 3,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। हम अवैध अतिक्रमण को हटाने के साथ-साथ नाम घरों का अच्छे से निर्माण हो सके उसके लिए सभी नाम घरों को ढाई लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।

नड्डा ने अगे कहा कि असम देश में सबसे ज़्यादा तेज़ी से नौकरियां पैदा करने वाला राज्य बनेगा। सरकारी क्षेत्र में हम दो लाख लोगों को नौकरी देंगे जिसमें से एक लाख लोगों को हम 31 मार्च 2022 तक नौकरी देंगे। निजी क्षेत्र में 8 लाख नौकरियों की व्यवस्था की जाएगी

कांग्रेस हाथी की तरह है, जिसके खाने के दांत अलग और दिखाने के अलग हैं

इससे पहले सोमवार को नड्डा ने डिब्रूगढ़, जोरहाट और बिश्वनाथ चाराली में चुनावी सभा को भी संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस को अवसरवादी बताते हुए जमकर निशाना साधा और कहा कि कांग्रेस हाथी की तरह है, जिसके खाने के दांत अलग और दिखाने के अलग हैं। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा का मतलब विकास और कांग्रेस का मतलब अंधकार।

विकास चाहिए वो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ चलें

नड्डा ने कहा कि जो लोग चाहते हैं कि चुनाव बाद असम का अंधकारमय भविष्य चाहते हैं, वो कांग्रेस के साथ जा सकते हैं। लेकिन जिनकों विकास चाहिए वो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ चलें। नड्डा ने कहा कि कांग्रेस का एक मात्र मकसद अवसरवादी राजनीति है। केरल में वह मुस्लिम लीग के साथ मिलकर माकपा से लड़ रही है और बंगाल और असम में माकपा के साथ उसका गठबंधन है। असम में कांग्रेस के लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहे तरुण गोगोई ने कभी भी बदरुद्दीन अजमल की पार्टी आल इंडिया यूनाइडेट डेमोक्रेटिक फ्रंट (एआइयूडीएफ) के साथ गठबंधन नहीं किया। उनके नहीं रहने पर उनके पुत्र ने अजमल के साथ हाथ मिला लिया। यह अवसरवादी राजनीति नहीं है तो क्या है?

2016 में भाजपा ने कांग्रेस के 15 वर्ष के शासन को उखाड़ फेंकते हुए सरकार बनाई थी

बता दें कि वर्ष 2016 में भाजपा ने कांग्रेस के 15 वर्ष के शासन को उखाड़ फेंकते हुए सहयोगियों के साथ मिलकर सरकार बनाई थी। उसके सहयोगी दलों में अगप तथा बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट भी शामिल थे। भाजपा गठबंधन 126 विधानसभा सीटों में 86 सीटें जीतने में कामयाब रहा। भाजपा को 60, अगप को 14 तथा फ्रंट को 12 सीटें मिली थीं। इस बार फ्रंट कांग्रेस के नेतृत्ववाले गठबंधन में शामिल हो गया है।

असम में गृह मंत्री अमित शाह ने भरी हुंकार, कहा- राहुल गांधी का असम दौरा पिकनिक से ज्यादा कुछ नहीं है

नई दिल्ली।  केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को असम के उदलगुड़ी में एक चुनावी जनसबा को संबोधित किया। गृह मंत्री अमित शाह ने इस दौरान कांग्रेस पर जमकर हमला बोला।

उन्होंने कहा कि अ​भी राहुल बाबा असम के दौरे पर आए हैं, उनके लिए असम का दौरा पिकनिक से ज़्यादा कुछ नहीं है। वो जब श्रमिकों की बात करते हैं तो मुझे बहुत हंसी आती है। 4-4 पीढ़ी तक जिन्होंने शासन किया हो, लेकिन चाय बगान के श्रमिकों के लिए कुछ न किया हो, वो भला कैसे कुछ कर सकते हैं।

गृह मंत्री ने कहा कि असम अब विकास के रास्ते पर चल पड़ा है। मगर बदरुद्दीन जैसे लोग जो शांति नहीं चाहते हैं, घुसपैठ कराना चाहते हैं, अतिक्रमण करना चाहते हैं, उन्हें रोकने का काम कांग्रेस पार्टी नहीं कर सकती। अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस सबको झगड़ाकर अपनी राजनीति करती है। ये बदरुद्दीन अजमल के साथ मिलकर सरकार बनाएंगे तो हम घुसपैठ नहीं रोक पाएंगे। घुसपैठ रोकने का काम मोदी जी के नेतृत्व में भाजपा ही कर सकती है। असम को आतंकवाद से मुक्त रखने का काम मोदी जी ही कर सकते हैं।

गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि यहां 15 साल तक यहां कांग्रेस की सरकार रही, अलग-अलग प्रकार के आतंकवादी संगठन गोलियां चलाते थे, लोगों को और हमारे सुरक्षा बलों को मार देते थे, लेकिन इन 5 वर्षों में 2,000 आतंकवादियों ने हथियार डालकर मुख्यधारा में प्रवेश किया है और असम आतंकवाद मुक्त हो गया है।

असम के बोकाखाट में PMMODI ने Congress को सुनाई खरी-खरी, कहा- कांग्रेस मतलब कंफ्यूजन की गारंटी

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को असम के बोकाखाट में चुनावी जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान पीएम मोदी ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 50 साल से ज्यादा असम पर राज करने वाले लोग आजकल असम को पांच गारंटी दे रहे हैं। असम के लोग इनकी रग-रग से वाकिफ हैं। इन लोगों को झूठे वायदे करने की, झूठे घोषणापत्र बनाने की आदत पड़ गई है।

पीएम मोदी ने कहा कि ये अब तय हो गया है कि असम में दूसरी बार भाजपा की सरकार बनेगी। असम में दूसरी बार डबल इंजन की सरकार बनेगी।  उन्होंने कहा कि आज मैं यहां बैठी हमारी सभी माताओं, बहनों, बेटियों को आदरपूर्वक कह सकता हूं कि आपने जिस जिम्मेदारी और जिन उम्मीदों के साथ भाजपा की सरकार चुनी थी, उसे पूरा करने के लिए हमने जी-जान से मेहनत की है।

पीएम मोदी ने कहा कि  कांग्रेस राज में सवाल था कि ब्रह्मपुत्र के दोनों किनारों के बीच आपस में कनेक्टेविटी कैसे बढ़े? NDA के सेवाकाल में ब्रह्मपुत्र पर आधुनिक पुल बन रहे हैं, पुराने अधूरे पुलों को पूरा किया जा रहा है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के राज में असम के सामने सवाल था कि असम को लूटने से कैसे बचाएं? NDA के सेवाकाल में आज असम पूरे सामर्थ्य के साथ नई बुलंदियों को छूने के लिए आगे बढ़ रहा है। कांग्रेस राज में सवाल था कि ब्रह्मपुत्र के दोनों किनारों के बीच आपस में कनेक्टेविटी कैसे बढ़ें।

पीएम मोदी ने कहा कि आपको याद रखना है कि कांग्रेस मतलब झूठे घोषणापत्र की गारंटी। कांग्रेस मतलब कंफ्यूजन की गारंटी। कांग्रेस मतलब अस्थिरता की गारंटी। कांग्रेस मतलब, बम, बंदूक और ब्लॉकेड की गारंटी। कांग्रेस मतलब हिंसा और अलगाववाद की गारंटी। कांग्रेस मतलब भ्रष्टाचार की गारंटी, घोटालों की गारंटी। उन्होंने कहा कि BJP के नेतृत्व में NDA सरकार सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास के मंत्र के साथ आगे बढ़ रही है। लेकिन आज के कांग्रेस नेताओं को तो सिर्फ सत्ता से मतलब है वो चाहे कैसे भी मिले। असल में कांग्रेस का खज़ाना अब खाली हो गया है उसे भरने के लिए इन्हें किसी भी कीमत पर सत्ता चाहिए।