Tag Archives: india

मिजोरम की सिल्कोरर सीमा चौकी पर पहुंचकर संपन्न हुई BSF की मैत्री साइकिल रैली

नई दिल्ली। भारत-बांग्‍लादेश मैत्री को प्रोत्‍साहन देने के लिए सीमा सुरक्षा बल ने मैत्री साइकिल रैली आयोजित की। साइकिल रैली आज मिजोरम की सिल्‍कोर सीमा चौकी पर पहुंच कर संपन्न हुई।

दो महीने से अधिक अवधि की साइकिल रैली में सीमा सुरक्षा बल के 12 साइकिल चालकों ने पश्चिम बंगाल, असम , त्रिपुरा, मणिपुर , मेघालय और मिजोरम के सीमावर्ती क्षेत्रों की यात्रा की। इस अवसर पर सीमा सुरक्षा बल के महानिदेशक राकेश अस्‍थाना ने बंगबंधु शेख मुजीर्बुरहमान की 101वीं जयंती पर लोगों को बधाई दी है।

उत्तराखंड : डीजीपी ने किया इंडो-नेपाल सीमा का निरीक्षण, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

उत्तराखंड। पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार ने सोमवार सुबह इंडो नेपाल बॉर्डर स्थित शारदा बैराज चौकी, इमीग्रेशन चेक पोस्ट और बॉर्डर के सात नंबर पिलर का निरीक्षण किया। इस दौरान डीजीपी ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने इमीग्रेशन चेक पोस्ट अधिकारी इंदर सिंह से भारत-नेपाल के बीच आवागमन आदि की जानकारी ली।

डीजीपी ने शारदा बराज चौकी पहुंच कर वहां मौजूद पुलिसकर्मियों से उनकी समस्याएं पूछी और उनसे सीमा पर मुस्तैदी से कार्य करने को कहा। इसके बाद डीजीपी भारत नेपाल सीमा स्थित सात नंबर पिलर पहुंचे जहां उन्होंने एसपी लोकेश्वर सिंह और एसएसबी के अधिकारियों से सीमा संबंधी जानकारी ली। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से सीमा पर चौकन्‍ना रहने और आने जाने वाले लोगों पर पैनी नजर रखने के आदेश दिए।

इस दौरान सीमा पर तैनात एसएसबी एवं अन्य सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे |

रिपोर्ट- अशोक सरकार

 

अमरीका के राष्‍ट्रपति  जो बाइडेन ने कहा- विलक्षण प्रतिभा से संपन्न होते हैं भारत के लोग

नई दिल्ली।  अमरीका के राष्‍ट्रपति  जो बाइडन  ने भारतीय मूल के लोगों की बड़ी संख्‍या में प्रशासन में महत्‍वपूर्ण पदों पर काम करने को लेकर कहा है कि भारतीय मूल के लोग अमरीका में छा रहे हैं।

राष्‍ट्रपति बाइडन ने यह बात अमरीकी यान परसीवरेंस के रोवर वाहन के 18 फरवरी को मंगल ग्रह पर उतारने के अभियान में शामिल नासा के वैज्ञानिकों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग से बातचीत के दौरान कही।
बाइडन ने कहा कि उपराष्‍ट्रपति कमला हैरिस भी भारतीय मूल की हैं और भारतीय लोग विलक्षण प्रतिभा से संपन्ना होते हैं।

नासा के 2020 के मंगल मिशन में भारतीय मूल के अमरीकी वैज्ञानिक ने दिशानिर्देश,  संचालन और नियंत्रण संबंधी गतिविधियों में मुख्‍य भूमिका निभाई है।
20 जनवरी को अमरीका के 46वें राष्‍ट्रपति के रूप में शपथ लेने वाले बाइडन ने अब तक भारतीय मूल के 55 से अधिक लोगों को अमरीकी प्रशासन के विभिन्‍न पदों पर नियुक्‍त किया है, इनमें से करीब आधी महिलायें हैं और ज्‍यादातर व्‍हाइट हाउस में काम कर रही हैं।

ओबामा और बाइडन प्रशासनों की एक विशेषता यह भी रही है कि उन्‍होंने भारतीय मूल के लोगों को सबसे अधिक संख्‍या में प्रशासनिक पदों पर तैनात किया है। हालांकि, पिछला डोनल्‍ड ट्रंप प्रशासन भी इस मामले में पीछे नहीं रहा था। उनके शासन में पहली बार भारतीय मूल के अमरीकी को कैबिनेट मंत्री का दर्जा देकर अमरीका की राष्‍ट्रीय सुरक्षा परिषद में शामिल किया गया था।

 

CORONA UPDATE: देश में बीते 24 घंटों में आए 15,510 कोरोना मामले, 100 से अधिक मौतें

नई दिल्ली। देश में कोरोना वायरस के नए मामलों में बीते 24 में थोड़ी कमी दर्ज की गई है। पिछले 24 घंटों में देश में कोरोना वायरस संक्रमण के 15,510 नए मामले सामने आए हैं। इस दौरान 106 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है।

इसको मिलाकर देश में कोरोना वायरस संक्रमण के अब तक कुल मामले 1 करोड़ 10 लाख 96 हजार 731 हो गए हैं। हालांकि, इसमें से 1 करोड़ 7 लाख 86 हजार 457 लोग कोरोना संक्रमण से ठीक हो चुके हैं।

देश में कोरोना वायरस संक्रमण से ठीक होने वाले लोगों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इसके साथ ही देश में कोरोना के सक्रिय मामलों में बढ़ोत्तरी हो रही है जो एक चिंता का विषय है। देश में कोरोना के फिलहाल 1 लाख 68 हजार 627 सक्रिय मामले हैं। भारत में कोरोना से अब तक कुल 1 लाख 57 हजार 157 लोगों की मौत हो चुकी है।

देश में कोरोना की जांच का आंकड़ा तेजी से बढ़ रहा है। देश में अब तक 21.60 करोड़ से ज्यादा कोरोना जांच की जा चुकी है। भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद  की तरफ से जारी आंकड़ों के मुताबिक, देश में 28 फरवरी, 2021 तक 21,68,58,774 सैंपलों की जांच हो चुकी है, जिनमें से 6,27,668 टेस्ट एक दिन में किए गए हैं।

लगातार चौथे दिन 16 हजार से ज्यादा मामले सामने आए, 100 से अधिक लोगों की मौत

नई दिल्ली। देश में कोरोना के मामलों में बढ़ोतरी जारी है। लगातार चौथे दिन 16 हजार से ज्यादा नए मामले सामने आए। इस दौरान 100 से अधिक लोगों की मौत भी हुई। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा 28 फरवरी को जारी आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटे में कोरोना के 16 हजार 752 नए मामले सामने आए। वहीं 113 लोगों की मौत हो गई। 11 हजार 718 मरीज संक्रमण से उबरे। इस दौरान सात लाख 95 हजार 723 सैंपल टेस्ट हुए।

स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार देश में अब तक कुल कोरोना के एक करोड़ 10 लाख 96 हजार 731 मामले सामने आ गए हैं। इनमें से एक करोड़ सात लाख 75 हजार 169 मरीज ठीक हो गए हैं। मरने वालों की संख्या एक लाख 57 हजार 051 हो गई है।

एक्टिव केस एक लाख 64 हजार 511 है। देश में अब तक कुल एक करोड़ 43 लाख एक हजार 266 लोगों का टीकाकरण हो गया है। कुल अब तक 21 करोड़ 62 लाख 31 हजार 106 सैपंल टेस्ट हो गए हैं।  एक्टिव केस 1.48 फीसद, रिकवरी रेट 97.10 फीसद और डेथ रेट 1.42 फीसद है।

अमेरिका ने भारत से लिया है 15 लाख करोड़ से अधिक का कर्ज, ज्यादा जानकरी के लिए पढिए पूरी खबर

कोरोना वायरस महामारी के दौरान वैश्विक अर्थव्यवस्था प्रभावित हुई है। ऐसे में देशों ने अन्य अर्थव्यवस्थाओं से या वर्ल्ड बैंक से लोन लिया है। दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था की बात करें, तो अमेरिका ने भारत से कुल 216 अरब डॉलर यानी करीब करीब 15 लाख करोड़ का कर्ज लिया हुआ है। पिछले दो दशकों में अमेरिका पर कर्ज का भार तेजी से बढ़ा है।

बता दें कि अमेरिका पर कुल 29 ट्रिलियन डॉलर (290 खरब डॉलर) का कर्ज है। एक अमेरिकी सांसद ने सरकार को देश पर बढ़ते कर्ज भार को लेकर आगाह किया है। अमेरिका पर कर्ज में चीन और जापान का कर्ज सबसे ऊंचा है। वर्ष-2020 में अमेरिका का कुल राष्ट्रीय कर्ज भार 23400 अरब डॉलर था। यानी प्रत्येक अमेरिकी पर औसतन 72309 डॉलर का ऋण था।

 

महाशिवरात्रि और होली के बीच , 11 दिन बैंक रहेंगे बंद

महाशिवरात्रि और होली जैसे त्योहार हैं तो बैंकों की राष्ट्रव्यापी हड़ताल भी। इस वजह से मार्च में बैंकों में कुल 11 दिन छुट्टी रहेगी। यानी कुल 11 दिन बैंक बंद रहेंगे।

7  मार्च को रविवार को साप्ताहिक बंदी है, जबकि 11 मार्च को महाशिवरात्रि। इस वजह से इन दोनों दिन बैंक बंद रहेंगे। वहीं 13 मार्च को सेकेंड सैटरडे होने की वजह से भी इस दिन बैंकों में अवकाश रहेगा।

15 और 16 मार्च  को बैंकों में राष्ट्रव्यापी हड़ताल का यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन ने घोषणा की है।

हड़ताल आह्वान सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों के निजीकरण के खिलाफ बैंक यूनियंस ने की है। इसके अलावा बिहार दिवस के उपलक्ष्य में पटना में 22 मार्च को भी बैंक बंद रहेंगे। जबकि 30 को भी यहां छुट्टी रहेगी। वैसे इस तरह से देखा जाए तो कुल 11 दिन बैंक रहेंगे।

 

इन राज्यों में दिख रहा है भारत बंद का असर, जानें अपने राज्य का हाल?

नई दिल्ली। कॉन्फेडरेशन ऑफ आल इंडिया ट्रेडर्स यानी CAIT ने जीएसटी की खामियों और ई-कॉमर्स से संबंधित मुद्दों के खिलाफ भारत बंद का आह्वान किया है। इस बंद का अभी तक मिलाजुला असर देखने को मिला है। कई व्यापारी संगठनों ने इससे दूरी बना ली है। कैट का दावा है कि दिल्ली सहित देश भर के 40, हजार से अधिक व्यापारिक संगठनों के 8 करोड़ से अधिक व्यापारी इस बंद का समर्थन कर रहे हैं। वहीं नए कृषि कानूनों के खिलाफ दिल्ली की सीमाओं पर प्रदर्शन कर रहे किसान भी बंद का समर्थन कर रहे हैं। ऑल इंडिया ट्रांसपोर्ट वेलफेयर एसोसिएशन (AITWA) इसको समर्थन कर रहा है। यह संगठन लगभग एक करोड़ ट्रांसपोर्टर्स का प्रतिनिधित्व करता है।

उत्तर प्रदेश का हाल

पूरे देश में बंद का मिलाजुला असर देखने को मिला है। यूपी में बंद का असर देखने को नहीं मिला है। समाचार एजेंसी आइएएनएस के अनुसार ट्रांसपोर्टर्स संगठन के समर्थन के एलान के बावजूद यहां ट्रक व अन्य वाहन चल रहे हैं, जबकि सुबह छह बजे से ही चक्का जाम है। लखनऊ, मेरठ और आगरा सहित लगभग सभी प्रमुख शहरों में दुकानें खुली हुई हैं।

पश्चिम बंगाल में असर (बीरभूम)

कॉन्फेडरेशन ऑफ आल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) ने ईंधन की कीमतों में वृद्धि और नए ई-वे बिल और जीएसटी के विरोध में आज देशव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है।

ओडिशा का हाल (भुवनेश्वर)

ईंधन की कीमतों में वृद्धि और नए ई-वे बिल और जीएसटी के विरोध में  कॉन्फेडरेशन ऑफ आल इंडिया ट्रेडर्स  (CAIT) ने आज देशव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है।

ऑल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस (AIMTC) कोर कमेटी के चेयरमैन बाल मलकीत सिंह ने कहा कि आज का बंद व्यापारियों ने बुलाया है, कुछ संस्थाओं ने इसका समर्थन किया है। ऑल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस इसका समर्थन नहीं करती है, ये बंद सिर्फ कागजों में है जमीनी स्तर पर नहीं।

किसान भी कर रहे समर्थन

किसानों के प्रदर्शन की अगुवाई कर रहे संयुक्त किसान मोर्चा (SKM) ने किसानों से बंद में शांतिपूर्ण तरीके शामिल होने अपील की है। उसने एक बयान में कहा है कि वह देश के सभी किसानों से भारत बंद का शांतिपूर्ण ढंग से समर्थन करने और बंद को सफल बनाने की अपील करते हैं।

आवश्यक सेवाओं को बंद से बाहर रखा गया

कैट के महासचिव प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि जीएसटी संशोधनों के खिलाफ देशभर के सभी राज्यों के लगभग 1500 बड़े और छोटे संगठन विरोध प्रदर्शन करेंगे। देश के लोगों को भारत व्यापी बंद के कारण कोई असुविधा नहीं होनी चाहिए। यह सुनिश्चित करने के लिए कैट ने दवा दुकानों, दूध और सब्जियों की दुकानों जैसे आवश्यक सेवाओं को बंद से बाहर रखा है।

कौन नहीं कर रहा समर्थन?

हालांकि, समाचार एजेंसी पीटीआइ के अनुसार कई व्यापारियों के संगठन जैसे अखिल भारतीय व्यापार मंडल और भारतीय उद्योग संघ मंडल ने बंद को समर्थन नहीं दिया है। फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया व्यापार मंडल (FAIVM) ने  कहा कि उसने बंद को समर्थन नहीं दिया है। संगठन के राष्ट्रीय महासचिव वीके बंसल ने कहा कि कुछ मांगों के समर्थन में दुकानें बंद करने के पक्ष में नहीं है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि कि पिछले 43 महीनों में जीएसटी अपने मूल उद्देश्य से भटक गया है। वहीं भारतीय उद्योग व्यापार मंडल दिल्ली के महासचिव राकेश यादव ने कहा कि संगठन ने बंद को समर्थन नहीं दिया है और सरकार को जीएसटी से संबंधित मुद्दों पर एक ज्ञापन सौंपा है।

अंडमान और निकोबार जाएंगे राष्ट्रपति कोविंद,अगले चार दिनों तक प्रवास पर रहने की उम्मीद

दिल्ली। राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद आज से अंडमान और निकोबार द्वीप समूह का दौरा करेंगे। राष्ट्रपति कोविंद के अगले चार दिनों तक अंडमान और निकोबार के प्रवास पर रहने की उम्मीद है।

राष्ट्रपति सचिवालय द्वारा प्रेस विज्ञप्ति में इसकी जानकारी दी गई। प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, भारत के राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद, 26 फरवरी से 1 मार्च, 2021 तक अंडमान और निकोबार द्वीप समूह का दौरा करेंगे। उनकी यात्रा के विवरण को लेकर ज्यादा जानकारी नहीं दी गई है।

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने मोटेरा स्टेडियम को तोड़कर बने दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियम का उद्घाटन किया। इसका नया नाम नरेंद्र मोदी स्टेडियम कर दिया गया है। पूर्व प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू, इंदिरा गांधी, राजीव गांधी और अटल बिहारी वाजपेयी के बाद अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम भी देश में खेल स्टेडियम हो गया है।

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कहा, ‘वर्ष 2018 के नवंबर में जब मैं ऑस्ट्रेलिया गया तब मुझे पता चला कि दुनिया का सबसे बड़ा ग्राउंड मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड है। आज भारत के लिए गर्व का पल है जब मोटेरा का 1 लाख 32 हजार सीटर स्टेडियम दुनिया का सबसे बड़ा क्रिकेट स्टेडियम है।’

बालाकोट एयर स्ट्राइक के 2 साल, कैसा था जलजला का वो खौफनाक मंजर?

जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में हुए आतंकी हमले के दर्द पर बालाकोट एयर स्ट्राइक मरहम है। आज ही के दिन भारतीय वायुसेना के वीर जवानों ने पाकिस्तान की धरती में घुस कर आतंकवादियों का सफाया किया था और पाकिस्तान को इसकी भनक भी नहीं लगी थी। आज यानी 26 फरवरी को उस बालाकोट एयर स्ट्राइक के दो साल पूरे हो गए, जब भारतीय वायुसेना ने पाकिस्तान में घुस कर जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी ठिकानों पर बमबारी कर उसे तबाह कर दिया था। 14 फरवरी को हुए जम्मू-कश्मीर के पुलवामा आतंकी हमले के बाद भारत ने 26 फरवरी की देर रात इसका बदला लिया था और पाकिस्तान के बालाकोट में स्थित जैश के आतंकी कैंप को नेस्तानबूद कर दिया था। भारतीय वायुसेना के इस एयर स्ट्राइक में जैश के करीब 250 से अधिक आतंकवादियों को मार गिराया था।

दरअसल, पाकिस्तान में बालाकोट एयर स्ट्राइक पुलवामा आतंकी हमले का बदला था। 14 फरवरी को जम्मू श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सीआरपीएफ का काफिला गुजर रहा था। सामान्य दिन की तरह ही उस दिन भी सीआरपीएफ के वाहनों का काफिला अपनी धुन में जा रहा था। तभी एक कार ने सड़क की दूसरी तरफ से आकर इस काफिले के साथ चल रहे वाहन में टक्‍कर मार दी। इसके साथ ही एक जबरदस्‍त धमाका हुआ। यह आत्मघाती हमला इतना बड़ा था कि मौके पर ही सीआरपीएफ के करीब 42 जवान शहीद हो गए। पुलवामा आतंकी हमले से पूरे देश में रोष पैदा हो गया।

पुलवामा आतंकी हमले से सभी सन्न थे। हर कोई आतंकियों से इसका बदला लेना चाहता था। सरकार ने भी पुलवामा के शहीदों की शहादत का बदला लेने के लिए 12 दिन बाद 26 फरवरी को पाकिस्तान के बालाकोट में स्थित आतंकी कैंप पर हमला कर दिया। पुलवामा हमले का बदला लेने के लिए सरकार ने भारतीय वायुसेना को चुना। भारतीय वायुसेना ने 26 फरवरी को तड़के बालाकोट में आसमान से बमवर्षा शुरू कर दी। भारतीय वायुसेना के इस एयर स्ट्राइक में जैश के न सिर्फ आतंकी ठिकाने तबाह हुए, बल्कि करीब 250 से अधिक आतंकियों को मौत के घाट उतार दिया।