Tag Archives: RamMANDIR

ट्रस्ट ने खरीदी जमीन, 70 नहीं अब 107 एकड़ में होगा श्रीराम जन्मभूमि परिसर

नई दिल्ली। राम मंदिर परिसर का विस्तार 70 एकड़ से बढ़ाकर 107 एकड़ करने की योजना के तहत राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ने राम जन्मभूमि परिसर के पास 7,285 वर्ग फुट जमीन खरीदी है।

जानकारी के मुताबिक उत्तर प्रदेश के प्रसिद्ध शहर में भव्य मंदिर का निर्माण कर रहे ट्रस्ट ने 7,285 वर्ग फुट जमीन की खरीद के लिए 1,373 रुपये प्रति वर्ग फुट की दर से एक करोड़ रुपये का भुगतान किया है। ट्रस्ट द्वारा खरीदी गई यह जमीन अशरफी भवन के पास स्थित है।

बता दें कि सुप्रीम कोर्ट से फैसला आने के बाद श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को 70 एकड़ जमीन मिली थी। इस पर भव्य राम मंदिर का निर्माण भी शुरू हो चुका है। अब ट्रस्ट ने और जमीन खरीदी है। इस जमीन के बाद मंदिर परिसर को भव्य और विशाल रूप दिया जा सकेगा। पिछले साल 5 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राम मंदिर की नींव रख दी थी। एलएंडटी कंपनी इसका निर्माण कर रही है। फिलहाल मंदिर की नींव का काम चल रहा है। मंदिर का नक्शा भी पास किया जा चुका है। नक्शे के मुताबिक राम जन्मभूमि परिसर में करीब पांच एकड़ के इलाके में रामलला का मंदिर बनेगा। उसके अलावा अन्य क्षेत्र में अन्य कई मंदिर बनेंगे, यात्रियों के लिए सुविधाएं होंगी, म्यूजियम, लाइब्रेरी जैसे स्थानों का भी निर्माण करवाया जाएगा।

 

राजपथ परेड में शामिल राम मंदिर वाली झांकी अवव्ल, उत्तर प्रदेश को मिला पहला स्थान

नई दिल्ली। गणतंत्र दिवस के मौके पर देश की राजधानी दिल्‍ली में राजपथ पर आयोजित परेड में जैसे ही राम मं‍दिर के मॉडल वाली उत्तर प्रदेश की झांकी आई तो वहां मौजूद लोग खड़े होकर तालियां बजाने लगे। तस्वीरों में कई लोग राम मंदिर के इस मॉडल की ओर हाथ जोड़े नजर आए। इस झांकी के रूप में ना केवल पूरे देश बल्कि समूचे विश्व ने भगवान राम के भव्य मंदिर की छवि के दर्शन किए। उत्तर प्रदेश की इस भव्य झांकी को पहला स्‍थान मिला है।

केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू ने आयोजित कार्यक्रम में बृहस्पतिवार को इस झांकी के लिए उत्तर प्रदेश को प्रथम पुरस्‍कार दिया। यूपी की झांकी के पहले भाग में महर्षि वाल्मिकी को रामायण की रचना करते दिखाया गया, जबकि मध्य भाग में राम मंदिर का मॉडल रखा गया था। पहली बार राजपथ पर अयोध्‍या में बनने वाले राम मंदिर और दीपोत्‍सव की झलक वाली झांकी निकाली गई हैं।

 

सीएम योगी से मुलाकात के बाद सिंगर सोनू निगम ने कहा- रामलला के लिए बनाउंगा गाना

 नई दिल्ली। बॉलीवुड सिंगर सोनू निगम ने सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उनके आवास पर जाकर मुलाकात की है। इस दौरान सोनू निगम ने सीएम योगी आदित्यनाथ के कामकाज की खूब तारीफ की। इतना ही नहीं सोनू निगम ने राम मंदिर निर्माण को लेकर भी बड़ा बयान दिया।

सोनू निगम ने कहा कि योगी जी बहुत दूरदर्शी हैं और ऐसे लोगों का नेतृत्व अगर किसी प्रदेश या देश को मिलता है तो उसकी सराहना और सम्मान किया जाना चाहिए। यही वजह थी कि लखनऊ में था तो उनसे मिलने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। मैंने उनसे सिर्फ यही कहा है कि उनकी सोच इतनी अच्छी है कि उससे सभी को जुड़ना चाहिए। अगर हमारे लिए कोई भी सेवा हो तो हम उसमें सहयोग देने के लिए तैयार हैं।

इतना ही नहीं सोनू निगम ने देशवासियों से राम मंदिर निर्माण में सहयोग करने की अपील की। साछ ही उन्होंने कहा कि रामलला के लिए वो एक गाना भी बनाएंगे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गायक सोनू निगम को श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र का चांदी का सिक्का और कुम्भ-2019 पर आधारित कॉफी टेबल बुक भेंट की।

गणतंत्र दिवस परेड : राजपथ पर दिखेगी अयोध्या की झलक

नई दिल्ली। राजपथ पर इस बार होने वाली गणतंत्र दिवस परेड में अयोध्या के भव्य दीपोत्सव और राम मंदिर पर झांकियां प्रस्तुत की  जाएंगी। ऐसे में अयोध्या के भाजपा सांसद और राम जन्मभूमि मंदिर के पुजारी समेत साधु-संत इसे लेकर काफी उत्साहित हैं और इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच की खूब सराहान सराहना कर रहे हैं।

यूपी की ओर से इस बार अयोध्या की सांस्कृतिक धरोहर को ही थीम बनाया गया है। झांकी में अयोध्या में हर साल होने वाले दीपोत्सव को भी दर्शाया जाएगा। साथ ही साथ शबरी के झूठे बेर, निषादराज को राम का गले लगाना, केवट को आशीर्वाद समेत अन्य दृश्यों को झांकी में दिखाया जाएगा।

विहिप के अंतरराष्ट्रीय उपाध्यक्ष चंपत राय ने कहा- मकर संक्रांति के दिन शुरू हो जाएगा रामलला के मंदिर का निर्माण

वाराणसी। मकर संक्रांति के दिन रामलला के मंदिर का निर्माण शुरू हो जाएगा। दिसंबर 2023 तक मंदिर का निर्माण कार्य भी पूरा हो जाएगा। ये बातें शुक्रवार को वाराणसी के इंग्लिशिया लाइन स्थित विहिप कार्यालय में प्रेसवार्ता के दौरान श्रीराम जन्मभूमि तीर्थक्षेत्र के महासचिव व विहिप के अंतरराष्ट्रीय उपाध्यक्ष चंपत राय ने कही।

उन्होंने कहा कि मंदिर की नीव की मजबूती पर गहनता से मंथन किया जा रहा है। इसके लिए आईआईटी मुंबई, गुवाहाटी, चेन्नई, रुड़की, एनआईटी सूरत, टाटा और एल एंड टी के विशेषज्ञ शामिल हैं। राम मंदिर की सुरक्षा को कई पहलुओं से देखा जा रहा है।

भगवान राम का गर्भगृह जहां बनना है उसके नीचे की भूमि बलुई मिट्टी वाली है। जिसे ध्यान में रखते हुए पत्थर, कंक्रीट और तांबे का ही इस्तेमाल किया जाएगा। पांच एकड़ में मंदिर का परकोटा होगा और बाकी क्षेत्र में भी निर्माण का खाका तैयार हो चुका है।

 

सीएम योगी का निर्देश, अयोध्या की 84 कोसी परिक्रमा के परिक्षेत्र में आने वाले सभी धार्मिक स्थलों का होगा जीर्णोद्धार

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को लोकभवन में आयोजित उच्च स्तरीय बैठक में धर्म नगरी अयोध्या से जुड़ी विकास परियोजनाओं की समीक्षा की। बैठक में सीएम योगी ने अयोध्या की 84 कोसी परिक्रमा के परिक्षेत्र में आने वाले सभी धार्मिक स्थलों को आवश्यकतानुसार जीर्णोद्धार करने के निर्देश दिए। इसके अलावा सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार अयोध्या को ऐसे नगर के रूप में विकसित करेगी, जहां धर्म-संस्कृति और अध्यात्म की परंपरा का निर्वाह होने के साथ-साथ आधुनिक नगर की सभी वैश्विक सुविधाएं भी होंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नए भवन बनने हों या सड़कों का चौड़ीकरण अथवा विकास की अन्य कोई परियोजना, नागरिकों की सुविधा का पूरा ध्यान रखा जाए। भूमि अधिग्रहण का काम तेजी से हो और यह ध्यान रखा जाए कि किसी भी नागरिक का हित प्रभावित न हो।
 इसके अलावा मुख्यमंत्री ने गुप्तार घाट क्षेत्र के सौंदर्यीकरण की कार्ययोजना पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि यहां श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं का पूरा ध्यान रखा जाए। पर्यटन विभाग के अधिकारियों ने परिभ्रमण पथ पर बैठने के स्थान, रामायण के विभिन्न कांडों के लिए गजेबो, दीवारों पर पौराणिक गाथाओं का चित्रण, जॉगिंग ट्रैक, लेजर शो, जलपान गृह, पुजारियों के स्थान आदि की प्रस्तावित कार्ययोजना से अवगत कराया। मुख्यमंत्री ने गुप्तार घाट के प्रवेश मार्ग पर आगंतुकों की सुविधा के लिए प्रस्तावित पार्किंग को मल्टीलेवल कॉम्पलेक्स के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि घाट क्षेत्र में सतत विकास पर्यटकों के लिए आकर्षण भी बढ़ाएगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार का सृजन भी होगा।