गोरखपुर : जुलूस निकालने की कोशिश कर रहे कांग्रेसियों की पुलिस से झड़प, धरने पर बैठे
मान-मनौव्वल के बाद जिला प्रशासन और पुलिस के आला अधिकारियों ने खत्म कराया धरना
![](https://aaryaanews.com/wp-content/uploads/2021/02/कांग्रेस-2.jpg)
गोरखपुर। किसान बिल और बढ़ती मंहगाई के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार को जिलेभर में प्रदर्शन किया। बिना अनुमति जुलूस निकालने की कोशिश कर रहे कार्यकर्ताओं को प्रशासन और पुलिस ने रोकने की कोशिश की। इस दौरान उनकी पुलिस से झड़प भी हुई। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क पर ही धरने पर बैठ गए। मान-मनौव्वल के बाद जिला प्रशासन और पुलिस के आला अधिकारियों ने धरना खत्म कराया।
बता दें कि गोरखपुर जिला और महानगर कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ता दोपहर 12 बजे गोगरी स्थित इंदिरा तिराहे पर जुटने लगे। केंद्र और प्रदेश सरकार विरोधी नारे लगाते कार्यकर्ता किसान बिल और बढ़ती महंगाई का विरोध करते दिखे। पूर्व में 3 किलोमीटर लंबी पदयात्रा चेतना तिराहे से निकालने का ऐलान करने वाले कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को जिला प्रशासन और पुलिस के आला अधिकारी उन्हें रोकने का प्रयास करने लगे तो केंद्र और प्रदेश सरकार विरोधी नारे लगाते हुए कांग्रेस कार्यकर्ता कचहरी चौराहे की तरफ बढ़ने की कोशिश करने लगे। जिला प्रशासन और पुलिस के जवानों ने उन्हें रोकने की कोशिश की। इस बीच जुलूस और पदयात्रा निकालने की कोशिश कर रहे कार्यकर्ताओं को रोकने के प्रयास में उनकी पुलिस से झड़प भी हुई। जब पुलिस बल उन्हें रोकने की कोशिश करने लगा तो वे गोलघर रोड पर ही सड़क पर धरने पर बैठ गए। बाद में अधिकीरियों ने समझा बुझाकर किसी तरह उनका धरना खत्म कराया।
कांग्रेस के जिलाध्यक्ष निर्मला पासवान ने कहा कि उन्होंने शांतिपूर्वक 3 किलोमीटर लंबी पदयात्रा किसान विरोधी बिल और बढ़ती महंगाई के विरोध में निकालने का पहले ही ऐलान किया था। लोकतंत्र में सरकार और जिला प्रशासन उन्हें पद यात्रा नहीं निकालने दे रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार अगर उनकी बात नहीं मानती है तो कांग्रेस पार्टी लगातार ऐसे ही आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।